धनबाद। धनबाद क्रिकेट संघ (डीसीए) की प्रबंध समिति ने शनिवार को बीसीसीआइ के महिला तेज गेंदबाज कैंप के लिए आमंत्रित की गई अनंदिता किशोर को सम्मानित किया। डीसीए के अध्यक्ष मनोज कुमार समेत अन्य पदाधिकारियों ने उन्हें बुके भेंट किया और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर मनोज कुमार ने विश्व कप अंडर-19 व एशिया कप अंडर-19 टीम में अपना स्थान बनाने वालीं अनंदिता के क्रिकेट करियर के बारे में जानकारी दी और उन्हें अपनी शुभकामनाएं देते हुए कहा कि डीसीए अनंदिता को सीनियर महिला क्रिकेट खेलते देखना चाहता है। वहीं उनके कोच समेत अन्य पदाधिकारियों ने उनकी इस सफलता के लिए बधाई देते हुए अपने संबोधन में अनंदिता के अब तक के इस सफर को याद किया। वहीं अनंदिता किशोर ने कहा कि आज वे जो कुछ है, वह डीसीए की बदौलत है। इसके लिए वे डीसीए का आभार प्रकट करती है। सभी पदाधिकारी मेरी छोटी-छोटी सफलता को सेलीब्रेट करते हैं। सदा प्रोत्साहित करते हैं। धनबाद का प्रतिनिधित्व करने में मुझे गर्व महसूस होता है। अपने करियर के बारे में अपने माता-पिता के योगदान को याद करते हुए कहा कि मां हमेशा मेरा सपोर्ट करती थी। जब पहली बार स्टेट टीम के लिए चुनी गई तो पापा भी मुझे पूरा समर्थन करने लगे। बचपन में लड़कों के साथ खेलती थी तो मुझे लगता था कि मैं तो इन लोगों से अच्छा खेलती हूं। अपने करियर के टफ टाइम का जिक्र करते हुए कहा कि विश्व कप अंडर-19 का समय मेरे लिए काफी मुश्किल भरा था। मुझे वहां स्वयं को साबित करने का अवसर नहीं मिल पाया। इससे थोड़ी निराशा हुई, लेकिन तुरंत ही और बेहतर करने के इरादे से मैदान में आ गई।
डीसीए की प्रबंध समिति में नए जोड़े गए अभिषेक सिंह, अनवर सिद्दीकी, शिव शक्ति एवं अशोक सराफ का अन्य सदस्यों के साथ परिचय कराया गया। अभिषेक सिंह ने कहा कि वे स्कूल-कालेज के दिनों में क्रिकेट खेलते रहे हैं। बाद में क्रिकेट से दूर रहना पड़ा। आज डीसीए से जुड़कर प्रसन्नता का अनुभव कर रहा हूं। जिले में क्रिकेट के विकास के लिए हरसंभव प्रयास करूंगा। उन्होंने भी अनंदिता के उज्जवल भविष्य की कामना की। बाद में अध्यक्ष मनोज कुमार ने सत्र 2025-26 के सफलतापूर्वक समापन पर प्रसन्नता जताई और इसके लिए बीसीसीएल, ईसीएल, टाटा स्टील प्रबंधन समेत सभी प्रायोजकों, कोच, चयनकर्ता एवं इसके संचालन में भूमिका निभाने वाले के प्रति आभार व्यक्त किया। बताया गया कि अगले सत्र में कूच बिहार ट्राफी के एक मैच के आयोजन का अवसर डीसीए को मिला है। प्रयास रहेगा कि यह मैच रेलवे स्टेडियम में आयोजित किया जाए। इस मैच के होने के बाद रणजी ट्राफी के आयोजन का लंबे अरसे के बाद दावा किया जा सकेगा। बैठक में डा. इश्तियाक अहमद, एसएन सिंह, जेके नय्यर, महासचिव बिनय कुमार सिंह, उपाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह, रविजीत सिंह डांग, जावेद खान के अलावा उत्तम विश्वास, सुनील कुमार, बीएच खान, डा. राजशेखर सिंह, द्वारिका तिवारी, सुधीर पांडेय, जितेंद्र कुमार सिंह, अभिजीत घोष, रत्नेश सिंह के अलावा विशिष्ट आमंत्रितों में दिनेश सिंह, राजेश पांडेय, प्रमोद सिंह, संजय कुमार, कुंदन कुमार, अभिषेक मोइत्रा, पप्पू सिंह, उमेश श्रीवास्तव, रितम डे व अन्य उपस्थित थे।




.jpeg)
.jpeg)
0 Comments