गंगा आरती एवं दीपोत्सव की तैयारियों का विधायक रागिनी सिंह और मेयर संजीव सिंह ने लिया जायजा, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
झरिया। झरिया स्थित ऐतिहासिक राजा तालाब में आगामी एक नवंबर को आयोजित होने वाले भव्य गंगा आरती एवं दीपोत्सव कार्यक्रम को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को झरिया विधायक रागिनी सिंह एवं धनबाद के महापौर संजीव सिंह ने राजा तालाब पहुंचकर आयोजन की तैयारियों एवं विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने तालाब परिसर की साफ-सफाई, विद्युत सज्जा, सुरक्षा व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़े इंतजामों की विस्तार से समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान विधायक एवं महापौर ने संबंधित अधिकारियों को आयोजन से पूर्व सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने का निर्देश दिया। उन्होंने विशेष रूप से तालाब परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में बेहतर साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी, सुचारु आवागमन तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर जोर दिया। साथ ही आयोजन में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने को कहा।इस अवसर पर झरिया विधायक रागिनी सिंह ने कहा कि ऐतिहासिक राजा तालाब झरिया की सांस्कृतिक एवं धार्मिक आस्था का महत्वपूर्ण केंद्र है। यहां गंगा आरती एवं दीपोत्सव का आयोजन क्षेत्र की धार्मिक परंपरा, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक एकजुटता को नई ऊर्जा प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि इस आयोजन को भव्य और यादगार बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। हमारा प्रयास है कि श्रद्धालु पूरे भक्तिभाव और उत्साह के साथ इस दिव्य आयोजन का हिस्सा बनें। वहीं, महापौर संजीव सिंह ने कहा कि राजा तालाब का धार्मिक एवं ऐतिहासिक महत्व है। इस आयोजन को सफल बनाने के लिए नगर निगम की ओर से साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य नागरिक सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आयोजन की गरिमा और श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोपरि है। सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि तैयारियों में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए।
विधायक रागिनी सिंह एवं महापौर संजीव सिंह ने झरिया सहित आसपास के समस्त क्षेत्रवासियों से एक नवंबर को सपरिवार राजा तालाब पहुंचकर भव्य गंगा आरती एवं दीपोत्सव में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी की सहभागिता से यह आयोजन झरिया की धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक एकता का भव्य प्रतीक बनेगा।



.jpeg)
.jpeg)
0 Comments