Hot Posts

6/recent/ticker-posts

धनबाद में आयोजित होगा DOSCON-2026: पेल्विस एवं कूल्हे की जटिल सर्जरी पर देशभर के विशेषज्ञ करेंगे मंथन




धनबाद, 30 अक्टूबर 2026। धनबाद ऑर्थोपेडिक क्लब द्वारा अपने वार्षिक राष्ट्रीय सम्मेलन ‘DOSCON-2026’ का आयोजन 31 अक्टूबर एवं 1 नवंबर 2026 को किया जा रहा है। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य पेल्विस (श्रोणि) एवं एसीटैबुलम (कूल्हे के जोड़ की संरचना) से संबंधित जटिल चोटों और सर्जरी के उपचार में नवीनतम तकनीकों एवं चिकित्सा पद्धतियों से चिकित्सकों को अवगत कराना है। सम्मेलन के पहले दिन, 31 अक्टूबर को वेडलॉक ग्रीन, गोविंदपुर में वैज्ञानिक सत्र एवं कॉन्फ्रेंस आयोजित होंगे। वहीं, 1 नवंबर को शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SNMMCH), धनबाद में कैडेवरिक डिसेक्शन (शव पर शल्य चिकित्सा का व्यावहारिक प्रशिक्षण) आयोजित किया जाएगा। इस राष्ट्रीय सम्मेलन में देश के विभिन्न प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थानों से आए वरिष्ठ अस्थि रोग विशेषज्ञ अपने अनुभव एवं विशेषज्ञता साझा करेंगे। इनमें IOA के सचिव डॉ. राजीव रमन, PGI चंडीगढ़ के डॉ. रमेश सेन, AMRI कोलकाता के डॉ. राकेश राजपूत, चेन्नई के डॉ. अरुण कुमार टी., पुणे के डॉ. सागर कदम, कानपुर के डॉ. नदीम फारुकी तथा मैसूर के डॉ. आकाश सहित अन्य विशेषज्ञ शामिल होंगे।

सम्मेलन के प्रमुख आकर्षण

DOSCON-2026 में चिकित्सकों एवं पीजी विद्यार्थियों के लिए कई महत्वपूर्ण शैक्षणिक एवं व्यावहारिक सत्र आयोजित किए जाएंगे। इनमें राष्ट्रीय स्तर के विशेषज्ञों द्वारा लाइव सर्जरी का प्रदर्शन, सॉ बोन वर्कशॉप, केस आधारित परिचर्चा, कैडेवरिक डिसेक्शन एवं शल्य चिकित्सा तकनीकों का प्रदर्शन प्रमुख हैं। इसके अतिरिक्त, प्रतिनिधियों के लिए व्यावहारिक प्रशिक्षण, पीजी विद्यार्थियों के पोस्टर प्रेजेंटेशन तथा पीजी क्विज का भी आयोजन किया जाएगा।

धनबाद में ही उपलब्ध होंगी जटिल सर्जरी की बेहतर सुविधाएं

सम्मेलन का प्रमुख उद्देश्य अस्थि रोग विशेषज्ञों को पेल्विक ट्रॉमा एवं पेल्विस-एसीटैबुलम सर्जरी की आधुनिक तकनीकों से प्रशिक्षित करना, उनकी शल्य चिकित्सा दक्षता बढ़ाना तथा मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के लिए प्रोत्साहित करना है। आयोजकों के अनुसार, इस सम्मेलन से धनबाद एवं आसपास के क्षेत्रों में जटिल पेल्विस एवं एसीटैबुलम सर्जरी की चिकित्सा सुविधाओं को बढ़ावा मिलेगा। इससे स्थानीय मरीजों को बेहतर उपचार के लिए बड़े महानगरों की ओर जाने की आवश्यकता कम हो सकती है तथा उनके समय और उपचार संबंधी खर्च में भी कमी आने की उम्मीद है।

आयोजन समिति

सम्मेलन के आयोजन अध्यक्ष डॉ. संजय चौधरी, आयोजन सचिव डॉ. धीरज चौधरी तथा सह-आयोजन सचिव डॉ. करंदीप संधू हैं। संरक्षक के रूप में डॉ. कैलाश प्रसाद, डॉ. डी.पी. भूषण, डॉ. मनजीत सिंह संधू एवं डॉ. प्रकाश सिंह का मार्गदर्शन प्राप्त हो रहा है। धनबाद ऑर्थोपेडिक क्लब को उम्मीद है कि DOSCON-2026 चिकित्सा शिक्षा, आधुनिक शल्य चिकित्सा तकनीकों के आदान-प्रदान तथा क्षेत्र में अस्थि रोग चिकित्सा की गुणवत्ता में सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।

Post a Comment

0 Comments