Hot Posts

6/recent/ticker-posts

डीसीए ग्रीन ने इमेजिका डायग्नोस्टिक चैंपियंस लीग सीनियर के उद्धाटन मैच में डीसीए रेड को तीन विकेट से हराया



Dhanbad। कप्तान श्रेष्ठ की शानदार बल्लेबाजी व शूरवीर चंद्रा के शानदार गेंदबाजी की मदद से डीसीए ग्रीन ने इमेजिका डायग्नोस्टिक चैंपियंस लीग सीनियर के उद्धाटन मैच में डीसीए रेड को तीन विकेट से हरा दिया। जियलगोरा स्टेडियम में गुरुवार को खेले गए मैच में टास डीसीए ग्रीन ने जीता और पहले क्षेत्ररक्षण करने का निर्णय लिया। राजेश कुमार के 36, रिधान चौरसिया के 22 ओर सैयद फहद आफताब के 21 रनों की मदद से डीसीए रेड ने निर्धारित 20 ओवर में आठ विकेट पर 135 रन बनाए। इसके अलावा आदित्य नारायण ने 12 और सचिन तिवारी ने 13 रनों का योगदान अपनी टीम को दिया। वहीं डीसीए ग्रीन के लिए शूरवीर चंद्रा ने 22 पर चार विकेट लिए। हसन आसिफ ने 27 पर दो, दिव्यांशु कुमार ने 25 पर एक ओर आदित्य सिंह ने नौ रन पर एक विकेट लिए।

डीसीए ग्रीन को इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए मुश्किलों का सामना करना पड़ा, लेकिन 20 ओवर में उसने सात विकेट पर 139 रन बनाकर मैच जीत लिया। पारी की अंतिम गेंद पर आनंद राज ने चौका जड़ मैच डीसीए ग्रीन को तीन विकेट से जीत दिला दी। कप्तान श्रेष्ठ ने 51 और अभिषेक कुमार ने 40 रनों की अच्छी पारी खेली। इसके अलावा आदित्य सिंह (12) ही दोहरे अंक में प्रवेश कर पाए। राजेश कुमार ने 24 पर तीन, राजवीर सिंह ने 37 पर दो, आदित्य नारायण व कुणाल कुमार सिंह ने एक-एक विकेट लिए।

मैच शुरू होने के पहले मुख्य अतिथि बीसीसीएल लोदना क्षेत्र के एरिया मैनेजर (एडमिनिस्ट्रेशन) अमित कुमार गुप्ता का दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय कराया गया। इस अवसर पर डीसीए के महासचिव विनय कुमार सिंह, उपाध्यक्ष जावेद खान, संयुक्त सचिव बीएच खान, सहायक कोषाध्यक्ष सुनील कुमार, जेएससीए के कार्यकारिणी सदस्य उत्तम विश्वास के अलावा चयनकर्ताओं में पप्पू सिंह, इब्ने हसन खान, अभिषेक मोइत्रा, कोच आसिफ फहद, इस्तेखार अहमद खान उपस्थित थे।

डीसीए ब्लू की जीत में राहुल व सोहैल का चमकदार प्रदर्शन

दिन के दूसरे मैच में डीसीए ब्लू ने डीसीए येलो को छह विकेट से हरा दिया। टास जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी डीसीए येलो की टीम 18.4 ओवर में 99 रनों पर आउट हो गई। राजा कुमार ने 27 और स्पर्श त्यागी ने 26 रन बनाए। वहीं राहुल प्रसाद ने 18 पर चार और मो. शाकिब ने आठ रन पर दो विकेट लिए। अमन कुमार सिंह, चंदन शर्मा और इंद्रजीत हाड़ी ने एक-एक विकेट लिए। बाद में ब्लू की टीम ने 18.3 ओवर में चार विकेट पर 102 रन बनाकर मैच जीत लिया। सोहैल अहमद खान 48 रन पर नाबाद रहे। वहीं अहान विश्वास ने 30 और विजय प्रताप सिंह ने 13 रन बनाए। डीसीए येलो के लिए अरबाज शेख, दिव्यांशु कुमार और स्पर्श त्यागी ने एक-एक विकेट लिए।

जियलगोरा स्टेडियम में पांचवें पिच का उद्घाटन

इसके साथ ही जियलगोरा में पांचवें पिच का उद्घाटन गुरुवार को बीसीसीएल लोदना क्षेत्र के एरिया मैनेजर (एडमिनिस्ट्रेशन) अमित कुमार गुप्ता ने किया। पहले मुख्य विकेट में चार पिचें थी। इसमें एक और पिच का निर्माण किया गया है।

Post a Comment

0 Comments