Dhanbad। एशिया कप अंडर 19 चैंपियन टीम इंडिया की सदस्य रहीं धनबाद की अनंदिता किशोर एक और बड़ी उपलब्धि हासिल करने में सफल रहीं हैं। मलेशिया में 18 जनवरी से होने वाले आइसीसी अंडर 19 टी-20 विश्व कप के लिए मंगलवार को घोषित भारतीय टीम में अनंदिता अपनी जगह बनाने में कामयाब रहीं। एशिया कप खेलकर कल ही धनबाद लौंटी अनंदिता की इस कामयाबी पर धनबाद क्रिकेट संघ के पदाधिकारियों ने प्रसन्नता व्यक्त की है। संघ के अध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि अनंदिता को सम्मानित करने की पहले ही घोषणा की जा चुकी थी। अब विश्व कप टीम में शामिल किए जाने की खबर से हम उत्साहित हैं। बुधवार को कांको में होने वाला यह सम्मान समारोह अब और भव्य तरीके से मनाया जाएगा। कांको में जेएससीए के सहयोग से मैदान तैयार किया जा रहा है। इसी मैदान पर यह समारोह होगा।
भारतीय टीम विश्व कप के ग्रुप स्टेज में 19 जनवरी को वेस्टइंडीज, 21 जनवरी को मलेशिया और 23 जनवरी को श्रीलंका से भिड़ेगी।
टीम : निक्की प्रसाद (कप्तान), सनिका चालके (उप कप्तान), जी. तृषा, कमलिनी जी (विकेटकीपर), भाविका अहीर (विकेटकीपर), ईश्वरी अवसारे, मिथिला विनोद, जोशविता वीजे, सोनम यादव, परुणिका सिसौदिया, केसरी दृथि, आयुषी शुक्ला, अनंदिता किशोर, एमडी शबनम और वैष्णवी एस।
अनंदिता को आज सम्मानित करेगा डीसीए
धनबाद क्रिकेट संघ के अध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि कांको में बन रहे जेएससीए-एसडीएससीए मैदान में धनबाद क्रिकेट संघ की ओर से अनंदिता किशोर को सम्मानित किया जाएगा। यह कार्यक्रम साढ़े ग्यारह बजे से शुरू होगा। उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम एशिया कप में भाग लेकर लौटी अनंदिता को सम्मानित करने के उद्देश्य से पूर्व निर्धारित था। आज बीसीसीआई ने विश्व कप टी20 के लिए जो टीम घोषित की, उसमें भी अनंदिता का नाम होने से धनबाद गौरवान्वित महसूस कर रहा है। डीसीए के पदाधिकारी, सदस्य और खिलाड़ी सभी आज बेहद खुश हैं। उन्होंने अनंदिता के बेहतर भविष्य की कामना की।
0 Comments