Hot Posts

6/recent/ticker-posts

धनबाद ने सिमडेगा को हराकर रणधीर वर्मा ट्राफी अपने नाम किया

 





Dhanbad । गुरुवार को जियलगोरा स्टेडियम में खेले गए फाइनल में सिद्धार्थ सिन्हा के शानदार शतकीय पारी की मदद से धनबाद ने सिमडेगा को 112 रनों के विशाल अंतर से हराकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। इस वर्ष धनबाद की यह तीसरी खिताबी जीत है। इसके पूर्व धनबाद की टीम अंडर-14 और अंडर-19 एलीट टूर्नामेंट जीत चुकी है। 

टास सिमडेगा ने जीता और धनबाद को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। उसका यह निर्णय तब गलत सिद्ध हुआ जब ओपनर सिद्धार्थ सिन्हा और सुधीर राय ने पहले विकेट के लिए 27.3 ओवरों में 162 रन जोड़ते हुए धनबाद को अच्छी शुरुआत दिलाई। दूसरे विकेट के लिए सिद्धार्थ ने कप्तान श्रेष्ठ के साथ भी शतकीय साझेदारी निभाते हुए धनबाद को मजबूती दी। अंत में युवराज सिंह ने धुआंधार बल्लेबाजी कर टीम का स्कोर पांच विकेट के नुकसान पर 363 रनों तक पहुंचा दिया। सिद्धार्थ ने 144 गेंदों पर 155 रन बनाए जिसमें 14 चौके व सासत छक्के शामिल थे। वहीं सुधीर राय ने 76 गेंदों में आठ चौके व एक छक्का की मदद से 66 रन, श्रेष्ठ ने 43 गेंदों में पांच चौके व दो छक्के की मदद से 51 रन और युवराज सिंह ने 23 गेंदों में 40 रन बनाए। राहुल प्रसाद छह गेंदों में 14 रन बनाकर नाबाद रहे। सिमडेगा के कुमार अंकित ने 69 पर तीन विकेट लिए। सुशांत सिंह और हर्ष कुमार को एक-एक विकेट मिला। 

बाद में सिमडेगा की टीम 35.1 ओवर में 251 रनों पर आउट हो गई। हर्ष कुमार ने 61 गेंदों में 81, सचिन पाल ने 58 गेंदों में 72 और अश्वनी कुमार ने 51 गेंदों में 43 रन बनाए। धनबाद के आर्यमन लाला ने 46, राहुल प्रसाद ने 42, स्पर्श त्यागी ने 29 और शूरवीर चंद्रा ने 50 रन देते हुए दो-दो विकेट लिए। वहीं सुधीर राय और प्रतीक रंजन को एक-एक विकेट मिला। प्लेयर आफ द मैच धनबाद के सुशांत सिन्हा को चुना गया। 

बाद में आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में जेएससीए जिला कमेटी के चेयरमैन व बोकारो जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष पीएन सिंह ने दोनों टीमों को ट्राफियां प्रदान की। इस अवसर पर धनबाद क्रिकेट संघ के महासचिव बिनय कुमार सिंह, उपाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह व जावेद खान, कोषाध्यक्ष ललित जगनानी, सहायक कोषाध्यक्ष सुनील कुमार, संयुक्त सचिव बीएच खान, दिवेन तिवारी, सुधीर पांडेय, बोकारो के संजय पांडेय, जेएससीए के कार्यकारिणी सदस्य उत्तम विश्वास व अन्य उपस्थित थे।

Post a Comment

0 Comments