धनबाद। झारखंड विधानसभा के सचेतक सह धनबाद विधायक राज सिन्हा ने आज झारखंड विधानसभा में धनबाद सहित पूरे राज्य के ऊर्जा मित्रों के रोजी-रोजगार से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दे को जोरदार तरीके से उठाया।विधायक श्री सिन्हा ने सदन में कहा कि धनबाद सहित पूरे झारखंड में लगभग 6500 युवक ऊर्जा मित्र के रूप में पिछले 10–15 वर्षों से राज्य एवं राजस्व हित में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। इन ऊर्जा मित्रों ने बिजली विभाग के कार्यों को सुचारू रूप से संचालित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में स्मार्ट मीटर लग जाने के कारण ऊर्जा मित्रों के सामने रोजी-रोटी और आजीविका का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। राज्य सरकार ने पूर्व में ऊर्जा मित्रों की समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक उनकी मांगों पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है।विधायक श्री सिन्हा ने सरकार से मांग करते हुए कहा कि ऊर्जा मित्रों को मानव दिवस (Man-Day) के रूप में समायोजित किया जाए, ताकि वर्षों से सेवा दे रहे इन युवाओं के रोजगार की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके और उनके परिवारों के सामने उत्पन्न संकट दूर हो। उन्होंने कहा कि राज्य के हजारों परिवारों की आजीविका इससे जुड़ी हुई है, इसलिए सरकार को इस विषय पर संवेदनशीलता दिखाते हुए शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेना चाहिए।
श्री सिन्हा ने स्पष्ट कहा कि ऊर्जा मित्रों के हितों की रक्षा के लिए वे सदन से लेकर सड़क तक आवाज उठाते रहेंगे।



.jpeg)
.jpeg)
0 Comments