धनबाद: आनंद मंगल द्वारा आयोजित भव्य दीपोत्सव मेला 27 एवं 28 अक्टूबर को आयोजित किया जा रहा है। इसी संदर्भ में आनंद मंगल की अध्यक्ष अलका मित्तल ने सिद्धि विनायक होटल के सभागार में सोमवार को प्रेस वार्ता कर बताया कि इस दीपोत्सव मेले में देश के विभिन्न शहरों से आए लगभग 100 स्टॉल्स लगाए जा रहे हैं, जहाँ शहरवासियों को एक ही छत के नीचे खरीदारी का शानदार अवसर मिलेगा। मेले में होम डेकोर, भगवान जी की आकर्षक पोशाकें, साड़ियाँ, सूट, चादरें, दीये, दीपावली की सजावट के सामान तथा विभिन्न प्रकार के खान-पान की वस्तुएँ उपलब्ध होंगी। करवा चौथ को ध्यान में रखते हुए मेहंदी लगाने की विशेष व्यवस्था भी की गई है, ताकि महिलाएँ खरीदारी के साथ त्योहार की तैयारियों का आनंद उठा सकें। वही रिद्धि गोधा ने बताया कि इस वर्ष मेले का एक विशेष आकर्षण है-₹20,000 की खरीदारी पर एक निश्चित उपहार । यह योजना खरीदारी को और भी खास एवं आकर्षक बनाएगी।
आनंद मंगल का दीपोत्सव केवल खरीदारी का मेला नहीं, बल्कि समाज सेवा और महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। मेले से होने वाली आय का उपयोग संस्था के सामाजिक कार्यों में किया जाता है। धनबाद के बारामुरी में संस्था एक स्कूल संचालित करती है, जहाँ 100 से अधिक बच्चों को निःशुल्क शिक्षा प्रदान की जाती है। इसके अतिरिक्त, प्रत्येक वर्ष की शुरुआत में लगभग 150 जरूरतमंद बालिकाओं को शिक्षा के लिए किताबें एवं कॉपियाँ उपलब्ध कराई जाती हैं, जिन पर प्रति बालिका लगभग ₹5,000 खर्च किए जाते हैं। महिला सशक्तिकरण के उद्देश्य से आनंद मंगल द्वारा बारामुरी और पुराना बाजार में ब्यूटीशियन, मेहंदी, कंप्यूटर एवं सिलाई की प्रशिक्षण कक्षाएँ भी संचालित की जाती हैं, ताकि महिलाएँ हुनर सीखकर आत्मनिर्भर बन सकें। आनंद मंगल की ओर से शहरवासियों से अपील की गई है कि वे अपने परिवार और मित्रों के साथ मेले में आएँ, खरीदारी करें और इस आयोजन को सफल बनाएँ। आपकी भागीदारी न केवल मेले की रौनक बढ़ाएगी, बल्कि बालिकाओं की शिक्षा और महिलाओं के सशक्तिकरण जैसे सामाजिक कार्यों में भी योगदान देगी। प्रेस वार्ता में अलका मित्तल , संगीता अग्रवाल, मीनू खेतान, सपना अग्रवाल, रेखा रुंगटा, किरण गोयल, रिद्धि गोधा,पायल अग्रवाल, बरखा लोहरीवाल,सीमा मित्तल, आशा डोकनिया, मीनू खेतान, सीमा अग्रवाल, संगीता ड्रोलिया, नीतू कनोडिया, सोनम अग्रवाल दीप्ति अग्रवाल, मनीषा डालमिया, संतोष अग्रवाल, प्रियंका राठी, सुनीता अग्रवाल, पूनम ड्रोलिया ,ज्योति कनोडिया, रेखा दारूका, अर्चना भूवानी, उमा अग्रवाल, पूनम तायल समेत अन्य सदस्य उपस्थित थी।



.jpeg)
.jpeg)
0 Comments