धनबाद। धनबाद में ब्लैंकेटकंपनी से जुड़े गिग वर्करों की विभिन्न समस्याओं एवं उनके कार्यक्षेत्र में आ रही कठिनाइयों को लेकर धनबाद जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री संतोष कुमार सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं ने गिग वर्करों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। इस अवसर पर धनबाद जिला युवा कांग्रेस के अध्यक्ष श्री आदित्य आनंद, जिला उपाध्यक्ष श्री योगेंद्र सिंह योगी एवं जिला उपाध्यक्ष श्री कैयुम खान मुख्य रूप से उपस्थित रहे। नेताओं ने वर्करों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी कार्य संबंधी परेशानियों, आर्थिक चुनौतियों, कामकाज की परिस्थितियों एवं उनके अधिकारों से जुड़े विभिन्न मुद्दों की जानकारी ली। गिग वर्करों ने अपनी समस्याओं को विस्तारपूर्वक नेताओं के समक्ष रखा। उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में गिग वर्कर विभिन्न चुनौतियों के बीच काम करने को मजबूर हैं। ऐसे में उनके हितों की रक्षा, उचित पारिश्रमिक, बेहतर कार्य परिस्थितियां, सामाजिक सुरक्षा एवं सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करना बेहद आवश्यक है। धनबाद जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री संतोष कुमार सिंह ने वर्करों को आश्वस्त करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा मेहनतकश मजदूरों, युवाओं एवं आम नागरिकों के अधिकारों की लड़ाई लड़ती रही है। गिग वर्कर भी हमारे श्रम समाज का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। उनकी मेहनत और योगदान से ही आज डिजिटल एवं डिलीवरी आधारित सेवाओं का संचालन हो रहा है। इसलिए उनके साथ किसी भी प्रकार का अन्याय या शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि गिग वर्करों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित कंपनी एवं उचित अधिकारियों के समक्ष उनकी मांगों को उठाया जाएगा। जरूरत पड़ने पर कांग्रेस पार्टी उनके अधिकारों और न्याय की लड़ाई में पूरी मजबूती के साथ उनके साथ खड़ी रहेगी।
जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष श्री आदित्य आनंद ने कहा कि युवा कांग्रेस हमेशा युवाओं एवं कामगारों के हितों के लिए संघर्षरत रही है। रोजगार के साथ-साथ कामगारों को सम्मान, सुरक्षा और उचित सुविधाएं मिलना भी उतना ही जरूरी है। गिग वर्करों की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित कराने के लिए युवा कांग्रेस हरसंभव प्रयास करेगी। वहीं जिला उपाध्यक्ष श्री योगेंद्र सिंह योगी एवं श्री कैयुम खान ने भी वर्करों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाया जाएगा और उनके साथ किसी भी परिस्थिति में अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। इस मुलाकात के दौरान कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि गिग वर्करों की आवाज को दबने नहीं दिया जाएगा। उनकी जायज मांगों को लेकर संगठन लगातार प्रयास करेगा और आवश्यकता पड़ने पर आंदोलनात्मक कदम उठाने से भी पीछे नहीं हटेगा। धनबाद जिला कांग्रेस कमेटी ने सभी गिग वर्करों को भरोसा दिलाया कि उनके अधिकार, सम्मान एवं न्याय की लड़ाई में कांग्रेस पार्टी उनके साथ मजबूती से खड़ी है।



.jpeg)
.jpeg)
0 Comments