Dhanbad. कप्तान जयमाला कुमारी के आलराउंड प्रदर्शन की मदद से देवघर ने जमशेदपुर को आठ विकेट से हराकर जेएससीए अंतर जिला महिला अंडर-15 क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब जीत लिया है। टाटा डिगवाडीह स्टेडियम में सोमवार को खेले गए फाइनल में टास जमशेदपुर ने जीता और पहले बल्लेबाजी करती हुई उसकी टीम निर्धारित 20 ओवरों में आठ विकेट पर 94 रन बना सकी। नंदिनी गुप्ता ने 29 और जैस्मीन झा ने 26 रन बनाए। देवघर की जयमाला कुमारी, जेनिफर रेबिका हेम्ब्रम, गुल सबा और कल्पना कुमारी ने एक-एक विकेट लिए। देवघर की टीम बाद में 12.5 ओवर में दो विकेट पर 98 रन बना मैच आसानी से जीत लिया। अवनी कुमारी 23 रन बनाकर आउट हुईं जबकि जयमाला 40 और जेनिफर रेबेका सात रन बनाकर अविजित रहीं। इशिका सिंह और नंदिनी गुप्ता ने एक-एक विकेट लिए।
बाद में आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि धनबाद जिला परिषद की अध्यक्ष शारदा सिंह ने दोनों टीमों को बधाई दी और कहा कि मैच में कोई हारता नहीं है। वह जीतता है या फिर सीखता है। इसलिए हार से निराश नहीं हों। वे अच्छा प्रदर्शन करें और देश व राज्य का मान बढ़ाएं। उन्होंने डीसीए को इस आयोजन के लिए सराहा और कहा कि बच्चियों को आगे बढ़ाने में वह अच्छा काम कर रहे हैं। महिला क्रिकेट का वह समर्थन व हर संभव सहयोग करेंगी। इसके अलावा जेएससीए के कार्यकारिणी सदस्य उमा महेश्वर राव व पूर्व रणजी क्रिकेटर आशीष सिन्हा ने भी क्रिकेटरों को महत्वपूर्ण टिप्स दिए। मुख्य अतिथि शारदा सिंह ने विजेता और जेएससीए के कार्यकारिणी सदस्य उमा महेश्वर राव व उत्तम विश्वास ने उपविजेता टीम को ट्राफियां प्रदान की। प्लेयर आफ द मैच चुनी गईं जयमाला कुमारी को पूर्व रणजी क्रिकेटर आशीष सिन्हा व टीआरडीओ शाहिद खान ने पुरस्कार प्रदान किया। डीसीए के महासचिव बिनय कुमार सिंह ने सभी अतिथियों का स्वागत किया एवं डीसीए के पदाधिकारियों ने उन्हें मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर डीसीए के वरीय उपाध्यक्ष साधवेंद्र सिंह, उपाध्यक्ष जावेद खान, कोषाध्यक्ष ललित जगनानी, सहायक कोषाध्यक्ष सुनील कुमार, संयुक्त सचिव बीएच खान के अलावा दिवेन तिवारी, द्वारिका तिवारी, सुनील कुमार, मैच अंपायर अनुज कुमार महतो व वकील अहमद, स्कोरर ज्ञान रंजन साव भी उपस्थित थे।



.jpeg)
.jpeg)
0 Comments