भयमुक्त माहौल में दुर्गा पूजा संपन्न कराने के लिए सड़क पर उतरी पुलिस, यातायात व्यवस्था पर भी रहा फोकस*
धनबाद। दुर्गा पूजा के दौरान जिले में विधि-व्यवस्था संधारण, श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गुरुवार को धनबाद पुलिस ने शहर के प्रमुख एवं संवेदनशील इलाकों में व्यापक फ्लैग मार्च किया। एसएसपी श्री प्रभात कुमार के निर्देशानुसार सिटी एसपी श्री ऋत्विक श्रीवास्तव के नेतृत्व में सिटी हॉक्स की पेट्रोलिंग टीम ने फ्लैग मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान पुलिस पदाधिकारियों ने विभिन्न पूजा पंडालों, मेला क्षेत्रों और प्रमुख मार्गों का निरीक्षण करते हुए सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था की समीक्षा की। फ्लैग मार्च में डीएसपी विधि-व्यवस्था श्री प्रकाश सोय, डीएसपी सीसीआर श्री प्रदीप साव, डीएसपी ट्रैफिक श्री रोहित साव, धनबाद थाना प्रभारी श्री मनोज पांडेय, बैंक मोड़ थाना प्रभारी श्री असित सिंह, धनसार थाना प्रभारी श्री मनोहर करमाली, सरायढेला थाना प्रभारी श्री मंजीत कुमार, भूली ओपी प्रभारी श्री विश्वजीत ठाकुर समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं जवान शामिल रहे। फ्लैग मार्च पुलिस कंट्रोल रूम से शुरू होकर झारखंड मैदान, डीएस कॉलोनी, बरमसिया, गजुआटांड़, मनईटांड़, गांधी नगर, हावड़ा मोटर, जोराफाटक, धनसार, बैंक मोड़, नया बाजार, वासेपुर, भूली, विनोद बिहारी चौक, बाबूडीह, झाड़ूडीह, बेकारबांध, सिटी सेंटर, हाउसिंग कॉलोनी, पुलिस लाइन और सरायढेला स्टील गेट होते हुए गोल बिल्डिंग तक पहुंचा। इस दौरान पुलिस टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में सुरक्षा तैयारियों का जायजा लिया और संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने पर जोर दिया। निरीक्षण के क्रम में पुलिस पदाधिकारियों ने पूजा पंडालों और मेला क्षेत्रों में श्रद्धालुओं के सुरक्षित आवागमन, भीड़ प्रबंधन तथा यातायात को सुचारु बनाए रखने से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया। पूजा समितियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सुरक्षा मानकों का पालन करने, श्रद्धालुओं की सुविधा का ध्यान रखने और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से बचने के लिए सतर्क रहने को कहा गया।
*सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अलर्ट मोड में पुलिस*
दुर्गा पूजा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पूजा पंडालों और मेलों में पहुंचने की संभावना को देखते हुए धनबाद पुलिस सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्क है। फ्लैग मार्च के माध्यम से पुलिस ने प्रमुख मार्गों और संवेदनशील इलाकों में अपनी सक्रियता प्रदर्शित की। इसका उद्देश्य असामाजिक तत्वों के बीच कानून-व्यवस्था को लेकर स्पष्ट संदेश देना और आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना मजबूत करना है।
पुलिस का मुख्य उद्देश्य दुर्गा पूजा के दौरान जिले में शांति, सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखना है ताकि श्रद्धालु बिना किसी भय के भक्तिमय वातावरण में पूजा-अर्चना कर सकें और मेले का आनंद उठा सकें। पुलिस प्रशासन ने पर्व के दौरान सतर्कता बनाए रखने और सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण माहौल सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया है।



.jpeg)
.jpeg)
0 Comments