Hot Posts

6/recent/ticker-posts

7 सितंबर की रांची रैली में धनबाद से उमड़ेगा कांग्रेसजनों का सैलाब : संतोष कुमार सिंह



हजारों कार्यकर्ता रांची कूच के लिए तैयार, जिला कांग्रेस ने पूरी की तैयारियां

धनबाद।  रांची में आयोजित होने वाली कांग्रेस की रैली को लेकर धनबाद जिला कांग्रेस कमेटी ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। रैली में धनबाद जिले के सभी प्रखंडों, मंडलों, विभागों एवं विभिन्न प्रकोष्ठों से हजारों की संख्या में कांग्रेसजन शामिल होंगे। जिला कांग्रेस ने इसे सफल बनाने के लिए व्यापक स्तर पर जनसंपर्क अभियान चलाते हुए कार्यकर्ताओं को रांची पहुंचने की जिम्मेदारियां सौंपी हैं।शनिवार को अपराह्न 3 बजे आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए धनबाद जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने कहा कि 7 सितंबर की रांची रैली ऐतिहासिक होगी। धनबाद से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता रांची पहुंचकर केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करेंगे। श्री सिंह ने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी, किसानों और मजदूरों की समस्याएं, युवाओं का भविष्य, छोटे व्यापारियों की परेशानियां तथा आम जनता से जुड़े ज्वलंत सवाल आज देश के सामने बड़ी चुनौती हैं। कांग्रेस इन मुद्दों पर लगातार सड़क से लेकर सदन तक जनता की आवाज उठाती रही है। रांची की रैली इसी जनसंघर्ष को नई मजबूती देने का महत्वपूर्ण अवसर है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस का संघर्ष केवल सत्ता की राजनीति तक सीमित नहीं है, बल्कि लोकतंत्र, संविधान, सामाजिक न्याय और आम नागरिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए है। आज देश में लोकतांत्रिक मूल्यों के सामने अनेक चुनौतियां हैं। ऐसे समय में कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी मजबूती और अनुशासन के साथ जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को उठाएगा तथा सरकार को जवाबदेह बनाने का काम करेगा।संतोष कुमार सिंह ने कहा कि धनबाद जिला कांग्रेस रांची रैली के लिए पूरी तरह तैयार है। जिले के सभी प्रखंडों, मंडलों तथा कांग्रेस के विभिन्न विभागों एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों को आवश्यक जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। कार्यकर्ताओं से लगातार संपर्क किया जा रहा है और उन्हें रैली में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।उन्होंने कहा कि 7 सितंबर को धनबाद की धरती से कांग्रेसजनों का बड़ा काफिला रांची पहुंचेगा और अपनी एकजुटता का दमदार प्रदर्शन करेगा। उन्होंने सभी कांग्रेसजनों से अनुशासन एवं एकजुटता के साथ रांची पहुंचकर रैली को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने का आह्वान किया।जिलाध्यक्ष ने कहा कि यह रैली महज भीड़ जुटाने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनता के अधिकारों, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय की आवाज को बुलंद करने का संकल्प है। उन्होंने कहा कि धनबाद जिला कांग्रेस के कार्यकर्ता पूरी ताकत के साथ रैली की सफलता में जुटे हैं और रांची में धनबाद की मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई जाएगी।प्रेस वार्ता में जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष योगेंद्र सिंह योगी, मंटू दास, अल्पसंख्यक विभाग के जिलाध्यक्ष जहीर अंसारी, ओबीसी विभाग के जिलाध्यक्ष आसिफ राजा, अनुसूचित जनजाति विभाग के जिलाध्यक्ष राजू दास, व्यापार प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष प्रभात शुरु लिया, सेवादल के जिलाध्यक्ष प्रमोद सिन्हा तथा जिला एनएसयूआई अध्यक्ष साहिल अली सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित थे।सभी पदाधिकारियों ने एक स्वर में कहा कि 7 सितंबर की रांची रैली को सफल बनाने के लिए धनबाद जिला कांग्रेस पूरी ताकत के साथ मैदान में उतर चुका है। कार्यकर्ताओं में रैली को लेकर जबरदस्त उत्साह है और जिले के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में कांग्रेसजन रांची पहुंचेंगे।

धनबाद जिला कांग्रेस कमेटी ने जिले के सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में रांची पहुंचकर जनहित, लोकतंत्र, संविधान और सामाजिक न्याय की आवाज को मजबूत करें तथा 7 सितंबर की रैली को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाएं।

Post a Comment

0 Comments