Dhanbad। राज्यपाल-सह-झारखण्ड राज्य के विश्वविद्यालयों के कुलाधिपति सी०पी० राधाकृष्णन ने आज बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय, धनबाद के कुलपति प्रो० सुखदेव भोई को कुलपति के पद से पदमुक्त करने का आदेश दिया। विदित हो कि प्रो० सुखदेव भोई के विरुद्ध विभिन्न स्तरों से कई गंभीर शिकायतें कुलाधिपति कार्यालय को प्राप्त हुई, जिस पर राज भवन द्वारा जाँच का आदेश दिया गया। उच्च शिक्षा विभाग के द्वारा आरोपों जांच हेतु एक टीम गठित की गई। राज्यपाल महोदय के निदेश के आलोक में टीम द्वारा गहन जांच कर प्रतिवेदन समर्पित किया, जिसमें बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय, धनबाद के कुलपति द्वारा प्रशासनिक एवं वित्तीय अनियमितता बरतने की कई गंभीर शिकायतों की पुष्टि की गई। समीक्षोपरांत कुलपति का आचरण व कृत्य विश्वविद्यालय के हित में नहीं पाया गया। अंतत राज्यपाल ने प्रो० सुखदेव भोई को कुलपति पद की गरिमा के विरुद्ध कार्य करने हेतु पदमुक्त करने का आदेश दिया। राज्यपाल ने कहा कि राज्य के किसी भी विश्वविद्यालय द्वारा किसी भी स्तर पर भ्रष्टाचार क्षम्य नहीं है, उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जायेगी।
0 Comments