Hot Posts

6/recent/ticker-posts

ढुल्लू महतो और कृष्णा अग्रवाल के विवाद से मारवाड़ी समाज ने किया किनारा बताया व्यक्तिगत विचार, बदले हुए परिस्थितियों में डैमेज कंट्रोल करने के लिए भाजपा संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह आज आ रहे धनबाद


धनबाद: भाजपा द्वारा ढुल्लू महतो को प्रत्याशी बनाए जाने के खिलाफ बाबूलाल मरांडी को पत्र लिखने के मामले में नया मोड़ आ गया है. इस मामले में मारवाड़ी सम्मेलन ने यू-टर्न ले लिया है. इस संबंध में मारवाड़ी सम्मेलन के अध्यक्ष कृष्णा अग्रवाल ने एक बयान जारी किया है.दरअसल,इस पत्र के बाद धनबाद में राजनीतिक भूचाल आ गया. इसको लेकर शुक्रवार को अग्रसेन भवन में मारवाड़ी सम्मेलन की बैठक आयोजित की गयी. इस बैठक की अध्यक्षता कृष्णा अग्रवाल ने की. बैठक में समाज के दबाव के बाद  कृष्णा अग्रवाल द्वारा बाबूलाल मरांडी को लिखे पत्र और उनकी बातों से खुद को किनारा कर लिया है. जिसके बाद मारवाड़ी सम्मेलन अध्यक्ष ने भी यू-टर्न ले लिया है. गौरतलब है कि बीजेपी ने बाघमारा विधायक ढुल्लू महतो को धनबाद लोकसभा सीट से अपना उम्मीदवार बनाया है. इसे लेकर विरोध भी हो रहा है. इस फैसले पर कई लोगों ने अपना विरोध जताया है. मारवाड़ी सम्मेलन के अध्यक्ष कृष्णा अग्रवाल ने भी इस पर विरोध जताया था. उन्होंने बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी को पत्र लिखकर इसकी शिकायत भी की थी. लेकिन अब उन्होंने पलटी मार दी है.

बयान किया गया सार्वजनिक

मारवाड़ी सम्मेलन की ओर से कृष्णा अग्रवाल का बयान सार्वजनिक किया गया है. कृष्णा अग्रवाल ने अपने बयान में कहा है कि धनबाद लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी ढुल्लू महतो को उम्मीदवार बनाने को लेकर प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी को लिखा गया पत्र उनकी निजी राय है. पत्र में कहीं भी समाज के बारे में नहीं लिखा. लेकिन समाज का लेटर पैड इस्तेमाल किया गया, जो उन्हें नहीं करनी चाहिए थी.आपको बता दें कि पत्र सार्वजनिक होने के बाद ढुल्लू महतो ने कृष्णा अग्रवाल को फोन कर अपनी नाराजगी जाहिर की थी. इसका ऑडियो भी वायरल हुआ था. वहीं निर्दलीय विधायक सरयू राय ने ढुल्लू महतो के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. उन्होंने धनबाद से लोकसभा चुनाव लड़ने का ऐलान किया है.

संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह आज धनबाद में

एकजुट होकर धनबाद में लोकसभा का चुनाव लड़ने की रणनीति पर भाजपा ने काम शुरू कर दिया है. संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह शनिवार को धनबाद में रहेंगे. संगठन मंत्री धनबाद और बोकारो में महत्वपूर्ण बैठक करेंगे. धनबाद की बैठक में महानगर एवं ग्रामीण के पदाधिकारियों को मौजूद रहने को कहा गया है. सांसद, विधायकों को भी बुलाया गया है. असंतुष्टों पर भी इस बैठक के जरिए नजर रखने की कोशिश की जाएगी.

सबको एकजुट कर चुनावी रणनीति बनने पर जोर देगी पार्टी

बोकारो में भी बोकारो और चंदनकियारी के प्रमुख पदाधिकारियों की बैठक होगी. बोकारो में बैठक 11 बजे होगी तो धनबाद में अपराह्न 3 बजे यह बैठक प्रस्तावित है. यह बैठक कई मामलों में महत्वपूर्ण मानी जा रही है. बैठक का मुख्य उद्देश्य धनबाद लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कुल 6 विधानसभा क्षेत्र के पद धारियों को एकजुट करने का होगा. धनबाद लोकसभा से इस बार भाजपा ने तीसरी बार सांसद रहे  पशुपतिनाथ सिंह का टिकट काटकर बाघमारा के विधायक ढुल्लू महतो को टिकट दे दिया है. इससे ढुल्लू महतो समर्थक खुश हैं तो पीएन सिंह समर्थक नाराज चल रहे हैं. वैसे लोकसभा के टिकट के रेस में कई विधायक भी शामिल थे. पूर्व मेयर शेखर अग्रवाल भी चुनाव लड़ना चाह रहे थे, लेकिन सबको पछाड़कर विधायक ढुल्लू महतो आगे निकल गए और धनबाद लोकसभा सीट से उन्हें उम्मीदवार बनाया गया है. अब धनबाद लोकसभा सीट से भाजपा को जिताना पार्टी की चुनौती है. और इसके लिए जमीन पर काम शुरू कर दिया गया है. इसी को लेकर आज की बैठक महत्वपूर्ण कहीं जा रही है. इस बैठक में प्रत्याशी ढुल्लू महतो भी मौजूद रहेंगे.



Post a Comment

0 Comments