Dhanbad। धनबाद क्रिकेट संघ की प्रबंध समिति की शुक्रवार को रणधीर वर्मा स्टेडियम स्थित डीसीए कार्यालय में बैठक हुई। इसमें क्रिकेट सत्र 2025-26 के समापन को लेकर चर्चा हुई। डीसीए अध्यक्ष मनोज कुमार ने सत्र के सफल आयोजन पर संतोष व्यक्त करते हुए बताया कि इस सत्र में हमने कुल 16 टूर्नामेंटों का आयोजन किया। सत्र समय पर समाप्त हो गया। हालांकि बाद में जोड़े गए तीन टूर्नामेंटों में से एक टूर्नामेंट चैंपियंस लीग (सीनियर) का होना बाकी है। रांची में आयोजित झारखंड टी-20 लीग के कारण इसके आयोजन में देरी हुई। जल्द ही इसकी तिथि की घोषणा कर दी जाएगी। डीसीए अध्यक्ष ने बताया कि डीसीए व जेएससीए के टूर्नामेंटों को लेकर हम अभी तक 343 मैचों का आयोजन कर चुके हैं। चैंपियंस लीग (सीनियर) के बचे सात मैचों को जोड़ दिया जाए तो कुल मैचों की संख्या 350 हो जाएगी।
प्रबंध समिति ने निर्णय लिया कि डीसीए का एक प्रतिनिधिमंडल जल्द ही धनबाद के मेयर संजीव सिंह से मिलेगा और उनसे जिले में क्रिकेट इन्फ्रास्ट्रक्चर को विकसित करने का आग्रह करेगा। अध्यक्ष ने कहा कि मेयर संजीव सिंह से उनका मार्गदर्शन लेगा कि कैसे जिले में क्रिकेट का विकास किया जा सके। इसके लिए उन्हें पत्र भेज उनसे मिलने का समय मांगा जाएगा। डीसीए ने सहायक सचिव धर्मेंद्र कुमार को उनके पद से हटाने का निर्णय लिया है। महासचिव विनय कुमार सिंह ने उन्हें पद से हटाने का प्रस्ताव रखा जिसपर प्रबंध समिति ने अपनी स्वीकृति दे दी। इसी तरह जेएससीए के ईमेल के आधार पर बिना डीसीए की अनुमति के बिल जेएससीए को भेजे जाने को लेकर संयुक्त सचिव बाल शंकर झा को कारण बताओ नोटिस भेजने का निर्णय लिया गया। वहीं लंबे अरसे से प्रतिबंध का सामना कर रहे श्रीराम दुबे पर से प्रतिबंध हटा लेने का निर्णय लिया गया।
डीसीए के सदस्य अवधेश कुमार सिंह की ओर से डीसीए को भेजे गए पत्र पर भी चर्चा हुई। अध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि 131 सदस्यों की ओर से हस्ताक्षरित एक पत्र के माध्यम से डीसीए पर कई आरोप लगाए गए जो बिल्कुल ही बेबुनियाद है। कहा गया कि मनमानी तौर पर संविधान में संशोधन कर दिया गया। अध्यक्ष ने बताया कि डीसीए के संविधान में अंतिम संशोधन वर्ष 2014 में किया गया और सोसाइटीज एक्ट में डीसीए का निबंधन वर्ष 2017 में हुआ। निबंधन के बाद तो कोई संशोधन किया ही नहीं गया। पत्र मिलने के अगले ही दिन एक मेल से अवधेश कुमार सिंह ने 131 सदस्यों की हस्ताक्षरित सूची में दस नामों के बारे में जानकारी दी गई कि वे सदस्य नहीं थे और गलती से उनका नाम चला गया। इसपर प्रबंध समिति ने पत्र में दिए गए सभी हस्ताक्षरों का सत्यापन कराने का निर्णय लिया और इसके लिए उपाध्यक्ष संजीव झा को अधिकृत किया गया। उनसे आग्रह किया गया कि जल्द से जल्द हस्ताक्षरों का सत्यापन कर उनकी रिपोर्ट प्रबंध समिति को सौंपी जाए।
बैठक में सलाहकार समिति के सदस्य डा. इश्तियाक अहमद, महासचिव विनय कुमार सिंह, वरीय उपाध्यक्ष साधवेंद्र सिंह, उपाध्यक्ष रविजीत सिंह डांग, मनोज कुमार सिंह, संजीव सिंह, जावेद खान व शांतनु चौधरी, कोषाध्यक्ष ललित जगनानी, सहायक कोषाध्यक्ष सुनील कुमार, कार्यकारिणी सदस्यों में राजन सिन्हा, संजीव राणा, द्वारिका तिवारी, डा. राजशेखर सिंह, सुनील कुमार, सुधीर पांडेय, मनीष कुमार, जितेन्द्र कुमार सिंह, विशेष आमंत्रित सदस्यों में जेएससीए के कार्यकारिणी सदस्य उत्तम विश्वास के अलावा एसएन सिंह व जेके नैयर व इश्तियाक अहमद व अन्य उपस्थित थे।



.jpeg)
.jpeg)
0 Comments