Hot Posts

6/recent/ticker-posts

शास्त्रीय संगीत और कत्थक की मनमोहक प्रस्तुतियों से सजी संस्कार भारती की सांस्कृतिक संध्या




धनबाद। संस्कार भारती धनबाद महानगर द्वारा शनिवार को सीएमपीएफ कॉलोनी स्थित सीएमपीएफ गेस्ट हाउस में शास्त्रीय संगीत एवं नृत्य पर आधारित भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। शाम 7 बजे से 9 बजे तक चले इस कार्यक्रम में शहर के प्रतिष्ठित कलाकारों ने अपनी उत्कृष्ट प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ सुश्री नीतिशा नीरज ने संस्कार भारती के ध्येय गीत से किया। इसके बाद ऋषिता सेनगुप्ता ने भगवान गणेश की आराधना पर आधारित आकर्षक एकल नृत्य प्रस्तुत किया। प्रख्यात शास्त्रीय गायक एवं दिल्ली पब्लिक स्कूल के वरिष्ठ शिक्षक अरविंद महाराज ने ख़याल और ठुमरी की प्रभावशाली प्रस्तुति दी। उनके साथ हारमोनियम पर जयशंकर ठाकुर तथा तबले पर करुणामोय मुखर्जी ने संगत की।इसके उपरांत बनारस हिंदू विश्वविद्यालय की छात्रा श्रुति चंद्रा ने मनोहारी कत्थक नृत्य प्रस्तुत किया। उनके साथ हारमोनियम पर कुषाण सेनगुप्ता और तबले पर भास्कर रंजन दे ने संगत दी। कार्यक्रम में गुरु संचिता बक्शी एवं गुरु सरसी चंद्रा के शिष्यों ने अलग-अलग समूह कत्थक नृत्य प्रस्तुत कर खूब सराहना बटोरी।

पूरे कार्यक्रम का प्रभावी मंच संचालन माउंट कार्मल स्कूल की शिक्षिका सुवर्णा बनर्जी ने किया। कार्यक्रम का समापन सभी कलाकारों एवं उपस्थित जनों द्वारा सामूहिक रूप से "वंदे मातरम्" के गायन के साथ हुआ।आयोजन को सफल बनाने में प्रांतीय उपाध्यक्ष मथुरेश वर्मा, अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार, उपाध्यक्ष कृष्ण कुमार, संरक्षक सोमनाथ पूर्ति, महामंत्री संजय सेनगुप्ता, मंत्री धीरज शर्मा, कला धरोहर संयोजक नीरज कुमार प्रसाद, मीडिया प्रभारी चंदन पाल, सह कोषाध्यक्ष वैभव पांडेय सहित संस्था के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। संस्था ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी कला प्रेमियों, अतिथियों एवं मीडिया प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Post a Comment

0 Comments