Hot Posts

6/recent/ticker-posts

शंकर रवानी की हत्या के बाद सांसद ढुल्लू महतो बोकारो जनरल अस्पताल पहुंचे, इस दौरान सांसद ढुल्लू महतो काफी गुस्से में दिखे, उन्होंने बोकारो एसपी पूज्य प्रकाश को फोन किया और उनसे अभद्र तरीके से बात किया


 बोकारो: जिले के सेक्टर 9 के हरला थाना क्षेत्र में शंकर रवानी की हत्या के बाद धनबाद सांसद ढुल्लू महतो बोकारो जनरल अस्पताल पहुंचे. इस दौरान सांसद ढुल्लू महतो काफी गुस्से में दिखे. उन्होंने बोकारो एसपी पूज्य प्रकाश को फोन किया और उनसे अभद्र तरीके से बात की. इतना ही नहीं उन्होंने राज्य के डीजीपी और कोयलांचल प्रक्षेत्र के डीआईजी से भी फोन पर बात की और बोकारो एसपी पूज्य प्रकाश को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने को कहा.

एसपी और डीजीपी से बात करते सांसद ढुल्लू महतो 

ढुल्लू महतो ने कहा कि बोकारो एसपी निश्चित रूप से राजनीतिक प्रभाव में काम कर रहे हैं और आपराधिक घटनाओं को नजरअंदाज कर रहे हैं. उन्होंने एसपी के खिलाफ कई तरह के और भी कई गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि शंकर रवानी की आज हत्या कर दी गई, इस मामले को लेकर मैंने 15 दिन पहले बोकारो एसपी से बात की थी. इससे पहले बोकारो एसपी से शंकर रवानी पर गोलीबारी के मामले में तत्काल कार्रवाई करने और मामले में शामिल अपराधियों को गिरफ्तार करने को कहा गया था, लेकिन पुलिस अधीक्षक ने इसका कोई संज्ञान नहीं लिया, जिसके बाद आज शंकर रवानी की हत्या कर दी गई.

वहीं ढुल्लू महतो द्वारा एसपी से इस तरीके से फोन पर बात करने पर कांग्रेस ने उनके बर्ताव पर सवाल खड़े किए हैं. ढुल्लू महतो के चरित्र को आपराधिक चरित्र वाला व्यक्ति बताया. कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता और वरिष्ठ नेता जगदीश साहू ने ढुल्लू महतो के लहजे पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह किसी सांसद या जनप्रतिनिधि की भाषा नहीं हो सकती.

कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि वह लंबे समय से कह रहे हैं कि ढुल्लू महतो का आपराधिक चरित्र है और उनके खिलाफ 50 से अधिक मामले दर्ज हैं. ऐसे व्यक्ति को भाजपा ने टिकट देकर सांसद बनाया है. कांग्रेस नेता ने कहा कि ढुल्लू महतो की भाषा और लहजा न केवल आपत्तिजनक है, बल्कि पुलिस और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए दिन-रात काम करने वाले लोगों को हतोत्साहित करने वाला भी है.

बता दें कि आज सुबह कार और बाइक सवार अपराधियों ने शंकर रवानी की गोलियों से भून कर हत्या कर दी. शंकर रवानी पर करीब एक दर्जन राउंड के करीब फायरिंग की गई. गोलीबारी के बाद अपराधी फरार हो गए. वहीं शंकर रवानी को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

Post a Comment

0 Comments