धनबाद: आईआईटी (आईएसएम) धनबाद के प्रबंधन अध्ययन एवं औद्योगिक अभियंत्रण विभाग के कॉन्फ्रेंस हॉल में गुरुवार, 8 मई 2026 को आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान संस्थान के अधिकारियों ने बताया कि एक्जीक्यूटिव एमबीए कार्यक्रम (सत्र 2026–28) के लिए अब तक 50 से अधिक आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। अधिकारियों ने कहा कि कार्यक्रम को विभिन्न सार्वजनिक और निजी क्षेत्र के पेशेवरों से अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। प्रेस वार्ता में प्रबंधन अध्ययन एवं औद्योगिक अभियंत्रण विभाग के अध्यक्ष प्रो. संदीप मंडल, एक्जीक्यूटिव एमबीए कार्यक्रम के समन्वयक प्रो. नीलाद्रि दास, सह-समन्वयक प्रो. रश्मि सिंह तथा प्रो. शशांक बंसल मौजूद थे।
अधिकारियों ने बताया कि संस्थान की वेबसाइट पर 15 मार्च 2026 से ऑनलाइन आवेदन पोर्टल शुरू किया गया है। यह कार्यक्रम विशेष रूप से कार्यरत पेशेवरों, अधिकारियों और उद्यमियों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, ताकि वे नौकरी जारी रखते हुए प्रबंधन शिक्षा प्राप्त कर सकें। प्रो. संदीप मंडल ने कहा कि एक्जीक्यूटिव एमबीए कार्यक्रम की शुरुआत वर्ष 2012 में हुई थी और अब इसे दो वर्षीय कार्यक्रम (चार सेमेस्टर) के रूप में संचालित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य पेशेवरों को आधुनिक प्रबंधन ज्ञान, नेतृत्व क्षमता और रणनीतिक निर्णय लेने की समझ विकसित करने का अवसर प्रदान करना है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम की कक्षाएं मुख्य रूप से ऑनलाइन मोड में संचालित होंगी। बुधवार से शनिवार तक शाम 7 बजे से 9:50 बजे तक तथा रविवार को सुबह 10 बजे से शाम 5:50 बजे तक कक्षाएं आयोजित की जाएंगी। वहीं, मिड-सेमेस्टर और एंड-सेमेस्टर परीक्षाएं ऑफलाइन मोड में आईआईटी (आईएसएम) धनबाद और संस्थान के कोलकाता एवं दिल्ली केंद्रों में आयोजित होंगी। अधिकारियों ने बताया कि कार्यक्रम में पहले भी कोल इंडिया और उसकी सहायक कंपनियां, एसबीआई, एचडीएफसी बैंक, सेल, टीसीएस, टाटा स्टील, टाटा पावर, टाटा मोटर्स, एनटीपीसी, भारतीय रेल, इन्फोसिस, पीडब्ल्यूसी, ओएनजीसी और आईओसीएल जैसी प्रतिष्ठित संस्थाओं के अधिकारी हिस्सा ले चुके हैं। प्रो. नीलाद्रि दास ने बताया कि प्रवेश प्रक्रिया के तहत अभ्यर्थियों को आईआईटी (आईएसएम) धनबाद में आयोजित लिखित परीक्षा देनी होगी, जिसमें अभ्यर्थियों की प्रबंधकीय क्षमता और सामान्य जागरूकता का मूल्यांकन किया जाएगा। लिखित परीक्षा में सफल उम्मीदवारों को ऑनलाइन साक्षात्कार के लिए बुलाया जाएगा और अंतिम चयन लिखित परीक्षा तथा साक्षात्कार के संयुक्त अंकों के आधार पर किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के लिए कुल शुल्क दो वर्षों हेतु 6 लाख रुपये निर्धारित किया गया है, जिसे सेमेस्टर के आधार पर जमा करना होगा। कार्यक्रम में 100 सीटें उपलब्ध हैं तथा प्रवेश में भारत सरकार के आरक्षण नियमों का पालन किया जाएगा। प्रो. रश्मि सिंह ने बताया कि पात्रता के तहत अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से स्नातक डिग्री (10+2+3) में न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक होना अनिवार्य है, जबकि एससी, एसटी और दिव्यांग वर्ग के लिए 45 प्रतिशत अंक निर्धारित किए गए हैं। साथ ही अभ्यर्थियों के पास कम से कम एक वर्ष का कार्य अनुभव होना चाहिए। उद्यमियों के लिए पंजीकृत फर्म और न्यूनतम 200 लाख रुपये वार्षिक टर्नओवर की शर्त रखी गई है।
प्रो. शशांक बंसल ने इच्छुक अभ्यर्थियों से संस्थान की वेबसाइट www.iitism.ac.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन करने की अपील की। आवेदन शुल्क 2000 रुपये निर्धारित किया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि आवेदन की अंतिम तिथि 31 मई 2026 है। लिखित परीक्षा 14 जून 2026 को आयोजित होगी, जबकि ऑनलाइन साक्षात्कार 16 और 17 जून को होंगे। परिणाम 3 जुलाई 2026 (संभावित) को जारी किया जाएगा तथा चयनित अभ्यर्थियों का नामांकन 6 से 13 जुलाई 2026 के बीच होगा। कक्षाएं 25 जुलाई 2026 से शुरू होंगी।



.jpeg)
.jpeg)
0 Comments