Hot Posts

6/recent/ticker-posts

बीसीसीएल सीएमडी मनोज अग्रवाल ने किया 10वें ‘काला हीरा’ महोत्सव का उद्घाटन

 




धनबाद। स्टील गेट स्थित सीसीडब्ल्यूओ कम्युनिटी हॉल में शनिवार को 10वें ऑल इंडिया मल्टीलिंगुअल ड्रामा, डांस, ड्राइंग एंड म्यूजिक कंपटीशन फेस्टिवल ‘काला हीरा’ का शुभारंभ बीसीसीएल के सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल ने किया। उनके साथ बीसीसीएल के जीएम (एडमिनिस्ट्रेशन) मनीष मिश्रा भी उपस्थित थे। अतिथियों का अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिह्न देकर स्वागत किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं गणेश वंदना से हुआ। मुख्य अतिथि मनोज कुमार अग्रवाल ने कहा कि कला का कोई धर्म नहीं होता और जो संस्कृति को हृदय से अपनाता है, वही वास्तव में समृद्ध होता है। उन्होंने ‘काला हीरा’ नाम की सराहना करते हुए कहा कि जिस प्रकार कोयले को ‘काला हीरा’ कहा जाता है, उसी तरह यह मंच कला के अनमोल हीरों को पहचानने और उन्हें आगे बढ़ाने का माध्यम बनेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि विभिन्न राज्यों से आए प्रतिभागी अपनी प्रतिभा से सांस्कृतिक हीरे के रूप में देश का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने कहा कि बीसीसीएल सीएसआर के माध्यम से कला, खेल और शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रहा है तथा भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को सहयोग देता रहेगा।

कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में पश्चिम बंगाल से आए विधान चंद्र दास एवं राजस्थान से आए अशोक शर्मा को सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल ने सम्मानित किया .महोत्सव के पहले दिन पश्चिम बंगाल के कलाकारों ने रविंद्र संगीत, लोक एवं शास्त्रीय संगीत, भरतनाट्यम, कथक, देशभक्ति गीत, योग, मॉडर्न एवं वेस्टर्न डांस, मोनो एक्ट सहित विभिन्न विधाओं में आकर्षक प्रस्तुतियां दीं।  कार्यक्रम का विशेष आकर्षण वर्ष 2023 के राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित श्रेष्ठ दिव्यांग बाल श्रेणी के विजेता रूपांजन सेन रहे। कोलकाता निवासी रूपांजन ने नृत्य, योग एवं कीबोर्ड वादन की शानदार प्रस्तुति देकर दर्शकों का दिल जीत लिया। सांस्कृतिक कार्यक्रम के पश्चात कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया एवं सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया.

इस अवसर पर गुरु सम्मान समारोह में विभिन्न कला विधाओं के प्रतिष्ठित गुरुओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दूसरे दिन स्थानीय कलाकार नृत्य, संगीत एवं ड्राइंग-पेंटिंग प्रतियोगिताओं में भाग लेंगे, जिसके बाद विजेताओं को मेडल एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए जाएंगे। आयोजन को सफल बनाने में अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद, सचिव हेमंत कुमार मंडल, यू.सी. मिश्रा, मिताली मुखर्जी, नरेश राय, महेंद्र गिरी, संजय भारद्वाज, संतोष रजक सहित अन्य सदस्यों की सक्रिय भूमिका रही।

Post a Comment

0 Comments