Hot Posts

6/recent/ticker-posts

इस्कॉन धनबाद की चतुर्दिवसीय श्री जगन्नाथ रथयात्रा के तीसरे दिन भी श्रद्धालुओं का उमड़ा सैलाब



भव्य गुंडीचा मंदिर में दिनभर होते रहे श्री जगन्नाथ के दर्शन, संध्या में सांस्कृतिक महोत्सव, भागवत कथा एवं हरिनाम संकीर्तन से भक्तिमय हुआ वातावरण

धनबाद। इस्कॉन धनबाद, जगजीवन नगर द्वारा आयोजित ऐतिहासिक चार दिवसीय श्री जगन्नाथ रथयात्रा महोत्सव के तीसरे दिन भी गोल्फ ग्राउंड स्थित भव्य गुंडीचा मंदिर में हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। प्रातःकाल से लेकर रात्रि तक श्रद्धालु भगवान श्री जगन्नाथ, बलदेव एवं सुभद्रा महारानी के दर्शन, आरती एवं महाप्रसाद का लाभ लेने के लिए बड़ी संख्या में पहुँचते रहे। पूरे दिन हरिनाम संकीर्तन, भक्ति, सेवा एवं आध्यात्मिक गतिविधियों से संपूर्ण महोत्सव स्थल भक्तिरस से सराबोर रहा।महोत्सव के पहले दो दिनों की भाँति तीसरे दिन भी परिवारों, युवाओं, महिलाओं एवं ग्रामीण क्षेत्रों से आए श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। चार दिवसीय इस महोत्सव का प्रत्येक दिन धनबादवासियों के लिए भगवान श्री जगन्नाथ की कृपा एवं आध्यात्मिक आनंद का माध्यम बन रहा है।

*गुंडीचा मंदिर में दिनभर दर्शन एवं आरती*

गोल्फ ग्राउंड स्थित भव्य गुंडीचा मंदिर में भगवान श्री जगन्नाथ, बलदेव एवं सुभद्रा महारानी की छह विशेष आरतियाँ सम्पन्न हुईं। प्रत्येक आरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित होकर भगवान के दिव्य दर्शन एवं आशीर्वाद का लाभ प्राप्त करते रहे। भगवान के मनोहारी श्रृंगार, पुष्प सज्जा एवं दिव्य अलंकरण ने श्रद्धालुओं को विशेष रूप से आकर्षित किया। भगवान को दिनभर विभिन्न प्रकार के भोग अर्पित किए गए तथा श्रद्धालुओं के मध्य महाप्रसाद वितरित किया गया। हरिनाम संकीर्तन एवं वैदिक मंत्रोच्चार से संपूर्ण परिसर दिव्य आध्यात्मिक वातावरण से ओत-प्रोत रहा।


*विशाल पंडाल एवं गुंडीचा मंदिर रहे आकर्षण का केंद्र*


इस वर्ष का विशाल पंडाल एवं भव्य गुंडीचा मंदिर श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान के दर्शन के साथ रथ परिक्रमा, आनंद बाजार तथा अन्य आध्यात्मिक गतिविधियों में भाग लिया। विशाल एलईडी स्क्रीन, सुव्यवस्थित बैठक व्यवस्था एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए किए गए प्रबंधों की सभी ने सराहना की।

*आनंद बाजार एवं आध्यात्मिक प्रदर्शनी*

आनंद बाजार में दिनभर श्रद्धालुओं की अच्छी भीड़ रही। यहाँ भगवान का महाप्रसाद, खाजा, लड्डू, पूजा सामग्री, भगवद्गीता एवं अन्य वैदिक ग्रंथों के साथ-साथ विभिन्न आध्यात्मिक सेवाओं से संबंधित स्टॉल लगाए गए थे।विशेष रूप से आयोजित आध्यात्मिक प्रदर्शनी में भगवान श्री जगन्नाथ, वैदिक संस्कृति, भगवद्गीता तथा इस्कॉन की विश्वव्यापी सेवाओं की जानकारी प्रदर्शित की गई। श्रद्धालुओं ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर गीता अध्ययन, आध्यात्मिक जीवन एवं इस्कॉन धनबाद की विभिन्न गतिविधियों के बारे में जानकारी प्राप्त की। अनेक युवाओं एवं परिवारों ने निःशुल्क भगवद्गीता कोर्स एवं अन्य आध्यात्मिक कार्यक्रमों में सम्मिलित होने हेतु पंजीकरण कराया।

*ग्रामीण एवं जनजातीय समाज की सहभागिता बनी विशेष आकर्षण*

धनबाद एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से आए सैकड़ों आदिवासी श्रद्धालु तीसरे दिन भी महोत्सव के विभिन्न कार्यक्रमों में सक्रिय रूप से सम्मिलित हुए। उन्होंने हरिनाम संकीर्तन, सेवा, सांस्कृतिक कार्यक्रमों तथा महाप्रसाद वितरण में उत्साहपूर्वक भाग लिया। उनकी सहभागिता ने भगवान श्री जगन्नाथ के सार्वभौमिक प्रेम एवं सामाजिक समरसता के संदेश को और अधिक सशक्त बनाया।

*संध्या में भव्य सांस्कृतिक महोत्सव*

संध्या में आयोजित सांस्कृतिक महोत्सव में धनबाद के विभिन्न विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं सांस्कृतिक संस्थानों के विद्यार्थियों ने भक्ति संगीत, नृत्य एवं नाट्य प्रस्तुतियों द्वारा भगवान श्री जगन्नाथ की महिमा का गुणगान किया। इसके साथ ही देश के विभिन्न राज्यों से आए कलाकारों एवं सांस्कृतिक दलों ने भी अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।भक्ति गीतों, लोकनृत्यों, शास्त्रीय प्रस्तुतियों एवं हरिनाम संकीर्तन ने देर रात तक श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक आनंद से सराबोर रखा।

*भागवत कथा एवं हरिनाम संकीर्तन*

संध्या के आध्यात्मिक सत्र में श्रीमद्भागवत के दिव्य संदेशों पर आधारित प्रेरणादायक कथा हुई। कथा में भगवान श्री जगन्नाथ की असीम करुणा, भक्ति के महत्व तथा वर्तमान समय में भगवान के नाम-संकीर्तन की आवश्यकता पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। कथा के उपरांत मधुर हरिनाम संकीर्तन हुआ, जिसमें हजारों श्रद्धालु भाव-विभोर होकर नृत्य एवं कीर्तन में सम्मिलित हुए।

*हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया महाप्रसाद*

तीसरे दिन भी हजारों श्रद्धालुओं ने इस्कॉन विशेष खिचड़ी, हलवा एवं पापड़ महाप्रसाद ग्रहण किया। सेवा में लगे स्वयंसेवकों ने अत्यंत सुव्यवस्थित ढंग से सभी श्रद्धालुओं तक महाप्रसाद पहुँचाया। महोत्सव के चारों दिनों में प्रतिदिन लगभग 50,000 श्रद्धालुओं के लिए निःशुल्क महाप्रसाद की व्यवस्था की गई है।

*मेगा यूथ फेस्टिवल के लिए विशेष आमंत्रण*

आयोजन समिति ने समस्त धनबादवासियों, विशेषकर युवाओं से 19 जुलाई (रविवार) को आयोजित होने वाले पाँचवें मेगा यूथ फेस्टिवल में अधिकाधिक संख्या में सम्मिलित होने का आग्रह किया है। इस वर्ष 2,000 से अधिक युवाओं के पंजीकरण के साथ यह अब तक का सबसे बड़ा आयोजन बनने जा रहा है।कार्यक्रम में प्रेरणादायक व्याख्यान, संगीत, नृत्य, नाटक, भारतीय संस्कृति एवं आध्यात्मिक मूल्यों पर आधारित विशेष प्रस्तुतियाँ होंगी। साथ ही नशा मुक्ति संकल्प अभियान के अंतर्गत युवा व्यसनमुक्त जीवन का संकल्प लेंगे तथा सभी प्रतिभागियों को महाप्रसाद एवं विशेष उपहार प्रदान किए जाएंगे।



*समापन दिवस के लिए आमंत्रण*

इस्कॉन धनबाद ने समस्त धनबादवासियों से महोत्सव के अंतिम दिन भगवान श्री जगन्नाथ के दिव्य दर्शन, मेगा यूथ फेस्टिवल, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, हरिनाम संकीर्तन एवं निःशुल्क महाप्रसाद वितरण का लाभ लेने हेतु परिवार सहित उपस्थित होने का आग्रह किया है।

Post a Comment

0 Comments