Hot Posts

6/recent/ticker-posts

वेक्टर जनित रोगों के रोकथाम के लिए, पूरे जिले में 14 अगस्त तक चलाया जाएगा वृहद सफाई अभियान


Dhanbad। वेक्टर जनित रोगों के रोकथाम के लिए 14 अगस्त तक पूरे जिले में वृहद सफाई अभियान चलाया जाएगा। यह निर्देश उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री आदित्य रंजन ने आज राष्ट्रीय वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम की जिला टास्क फोर्स की बैठक में दिया। उपायुक्त ने कहा कि मलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया जैसे वेक्टर जनित रोगों को स्वच्छता अभियान चला कर रोका जा सकता है। कहा कि वेक्टर जनित रोग केवल ग्रामीण क्षेत्र में नहीं बल्कि शहरी क्षेत्रों में भी बढ़ रहे हैं। अभियान के दौरान जिले का कोई क्षेत्र सफाई से वंचित नहीं रहे इसलिए उपायुक्त ने शिक्षा, समाज कल्याण, पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास, पेयजल एवं स्वच्छता, धनबाद नगर निगम, चिरकुंडा नगर परिषद को दायित्व सौंपा।उन्होंने शिक्षा विभाग को सभी सरकारी, निजी एवं आवासीय विद्यालयों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने का निर्देश दिया। जिसमें विद्यालय परिसर एवं आसपास जल जमाव, अनुपयोगी वस्तु, टायर, कूलर, टंकियों आदि में मच्छरों के संभावित प्रजनन स्थलों की पहचान कर उसे तत्काल नष्ट करने, सभी विद्यालयों में मलेरिया की जांच करने के लिए अभियान चलाने, प्रार्थना के बाद सभी बच्चों से उनके परिवार जनों के बुखार से पीड़ित होने की जानकारी लेकर संबंधित सहिया, स्वास्थ्य पदाधिकारी को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने कहा कि किसी व्यक्ति के बुखार से पीड़ित होने की जानकारी मिलने से मलेरिया की रोकथाम के लिए कार्रवाई की जा सकेगी। इसके अलावा विद्यालय में विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन करने, बुखार से ग्रसित छात्र की मलेरिया जांच करने तथा मलेरिया का लक्षण मिलने पर उसकी तत्काल ट्रीटमेंट करने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने कहा कि आवासीय विद्यालयों की विशेष निगरानी की जाएगी। विद्यालय में पढ़ रहे छात्रों के मूल गांव की सूची तैयार कराई जाएगी। यदि किसी विद्यार्थी में मलेरिया के लक्षण मिलेंगे तो संबंधित गांव में सहिया के माध्यम से घर-घर सर्विलांस कराया जाएगा। उनके परिवार एवं आसपास के बुखार से पीड़ित व्यक्तियों की जांच कर उपचार किया जाएगा। जिससे समुदाय में संक्रमण को फैलने से रोका जा सकेगा।

उपायुक्त ने कहा कि समाज कल्याण विभाग के अंतर्गत संचालित सभी छात्रावास, आश्रम विद्यालय, बाल गृह एवं अन्य आवासीय संस्थानों में नियमित बुखार सर्वेक्षण कर बुखार से पीड़ित व्यक्तियों की मलेरिया जांच की जाएगी। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों पर आने वाले बच्चे एवं गर्भवती महिलाओं में बुखार की सूचना स्वास्थ्य विभाग को उपलब्ध कराने, पोषण दिवस पर मलेरिया से बचाव संबंधी जागरूकता गतिविधियां संचालित करने, समुदाय को मच्छरदानी के उपयोग करने के लिए प्रेरित करने का निर्देश दिया।वहीं पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास विभाग को ग्राम सभा के माध्यम से मलेरिया की रोकथाम के लिए जन जागरूकता अभियान चलाने, गांव में जल जमाव, गड्ढे एवं अनुपयोगी पात्रों को हटाकर मच्छरों के प्रजनन स्थलों को नष्ट करने का निर्देश दिया। वहीं पेयजल एवं स्वच्छता विभाग को पेयजल स्रोतों के आसपास जल जमाव समाप्त करने, पानी की टंकी एवं भंडारण पात्रों को ढंक कर रखने, नाली एवं जल निकासी व्यवस्था की नियमित सफाई करने का निर्देश दिया। शहरी क्षेत्र में भी वेक्टर जनित रोग की रोकथाम के लिए नगर निगम एवं चिरकुंडा नगर परिषद को विशेष सफाई अभियान चलाने, नालियों के नियमित सफाई करने, ठोस अपशिष्ट का निष्पादन एवं जल जमाव हटाने की कार्रवाई करने का निर्देश दिया।बैठक के दौरान सिविल सर्जन ने गत वर्ष एवं इस वर्ष जिले में मलेरिया, डेंगू एवं चिकनगुनिया से संक्रमित मरीजों और उसके रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा उठाए गए कदमों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिला, प्रखंड एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिर में जांच के लिए किट उपलब्ध है।बैठक में उपायुक्त श्री आदित्य रंजन, सिविल सर्जन डॉ आलोक विश्वकर्मा, जिला पंचायती राज पदाधिकारी श्री सुशांत मुखर्जी, जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री अभिषेक झा, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी श्रीमती स्नेह कश्यप, जिला शिक्षा अधीक्षक शालिनी डुंगडुंग, वीबीडी पदाधिकारी श्री रमेश कुमार सिंह के अलावा अन्य अधिकारी मौजूद थे।


Team PRD Dhanbad

Post a Comment

0 Comments