धनबाद। हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद जी की जयंती 29 अगस्त को देशभर में राष्ट्रीय खेल दिवस के रूप में मनाई जाती है। मेजर ध्यानचंद का जन्म 29 अगस्त 1905 को हुआ था। उन्होंने भारतीय हॉकी को विश्व स्तर पर पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वर्ष 1928, 1932 और 1936 के ओलंपिक खेलों में भारतीय हॉकी टीम के स्वर्णिम प्रदर्शन में उनका अहम योगदान रहा।
राष्ट्रीय खेल दिवस का उद्देश्य देश में खेल संस्कृति को बढ़ावा देना, युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना तथा शारीरिक फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना है।
राष्ट्रीय फुटबॉल खिलाड़ी तारकनाथ दास ने बताया कि राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर 29 अगस्त को धनबाद विधायक राज सिन्हा के आवास पर दोपहर 3.30 बजे दिन शनिवार को 25 खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा। खिलाड़ियों को विधायक के हाथों सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सम्मानित होने वाले खिलाड़ियों में 12 ऐसे दिव्यांग खिलाड़ी भी शामिल होंगे जो अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेकर धनबाद का नाम रोशन किया है।
श्री दास ने कहा कि धनबाद में पहली बार दिव्यांग खिलाड़ियों को इस तरह सम्मानित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि दिव्यांग खिलाड़ियों ने अपनी शारीरिक चुनौतियों को पीछे छोड़कर खेल के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। ऐसे खिलाड़ियों का सम्मान समाज में सकारात्मक संदेश देने के साथ-साथ अन्य युवाओं और खिलाड़ियों को भी आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगा।
उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और संघर्ष करने की क्षमता विकसित करने का भी महत्वपूर्ण साधन है। मेजर ध्यानचंद जी की जयंती पर खिलाड़ियों का सम्मान उनके खेल योगदान को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक सराहनीय पहल है।


.jpeg)
.jpeg)
0 Comments