धनबाद। सीबीएसई क्लस्टर बॉक्सिंग चैंपियनशिप का आयोजन उत्तर प्रदेश के डालिम्स सनबीम, चकिया में 21 अगस्त से 25 अगस्त 2026 तक किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के प्रतिभावान खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया
इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में गुरु गोविंद सिंह पब्लिक विद्यालय के कक्षा 11वीं के छात्र अमित कुमार ने अंडर-19 वर्ग के 50 से 60 किलोग्राम भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल किया। अमित ने अपने उत्कृष्ट खेल कौशल, आत्मविश्वास और अनुशासन का परिचय देते हुए विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया।अमित की इस उपलब्धि पर विद्यालय प्रबंधन के अध्यक्ष श्री तरसेम सिंह, सचिव श्री एस पी सिंह, प्रधानाचार्य श्री सुदीप ठाकुर, शिक्षकों एवं समस्त विद्यालय परिवार ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। विद्यालय प्रबंधन ने अमित की मेहनत और लगन की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए उनका उत्साहवर्धन किया।
अमित की सफलता का अगला पड़ाव नेशनल चैंपियनशिप है। क्लस्टर स्तर पर शानदार प्रदर्शन के बाद अमित अब राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए गुरुग्राम, हरियाणा जाएंगे। नेशनल चैंपियनशिप का आयोजन 8 सितंबर से 11 सितंबर 2026 तक किया जाएगा। राष्ट्रीय स्तर पर अमित के चयन से विद्यालय परिवार में हर्ष और उत्साह का माहौल है।
प्रधानाचार्य श्री सुदीप कुमार ठाकुर ने कहा कि अमित की यह उपलब्धि विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि अमित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय एवं अपने परिवार का नाम रोशन करेंगे।
विद्यालय परिवार ने अमित को नेशनल चैंपियनशिप के लिए अग्रिम शुभकामनाएँ देते हुए उनके शानदार प्रदर्शन की कामना की।




.jpeg)
.jpeg)
0 Comments