Hot Posts

6/recent/ticker-posts

अवैध खनन के कारण धनबाद के विभिन्न क्षेत्रों में अनेक लोगों का जीवन खतरे में: एसके सिन्हा




Dhanbad। हार्डकोक उद्यमियों के संगठन इंडस्ट्री एंड कॉमर्स एसोसिएशन की 93वीं वार्षिक बैठक एसोसिएशन के सभागार में की गई। आमसभा में अध्यक्ष बीएन सिंह के अध्यक्षीय संबोधन का वाचन करते हुए वरीय उपाध्यक्ष एसके सिन्हा ने कहा कि मरणासन्न हार्डकोक उद्योग को संकट से उबारने के लिए कोल इंडिया, कोयला मंत्रालय और केंद्र सरकार फ्यूल सप्लाई एग्रीमेंट (एफएसए) के तहत कोयले का फिर से आवंटन शुरू करे। उन्होंने कहा कि कोयले की चोरी, अवैध खनन, कोयला तस्करी तथा जबरन वसूली का नेटवर्क हमेशा से एक बड़ी चिंता का विषय रहा है। बीसीसीएल के वर्तमान सीएमडी द्वारा की गई हाल की पहल इस अवैध कारोबार पर कुछ हद तक नियंत्रण स्थापित करने में प्रभावी रहा है, जो पहले बहुत बड़े पैमाने पर संचालित होता था। वास्तव में, अवैध खनन के कारण भूमिगत कोयला स्तंभों से भी कोयला निकाला जा रहा है। इस प्रकार की डी-पिलरिंग के कारण बार-बार और बड़े पैमाने पर जमीन धंसने की घटनाएं होती हैं। इससे धनबाद के विभिन्न क्षेत्रों में अनेक लोगों के जीवन को खतरा उत्पन्न होता है। हाल के समय में ऐसी घटनाओं में वृद्धि हुई है।

बीएन सिंह फिर से चुने गए आईसीए के अध्यक्ष, 2028 तक रहेंगे, लगातार 25 साल अध्यक्ष रहने का बनाया रिकार्ड

 बैद्यनाथ सिंह एक बार फिर सर्वसम्मति से इंडस्ट्रीज एंड कॉमर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष चुने गए हैं। वे लगातार 25 वर्षों से इस पद पर निर्विरोध अध्यक्ष हैं। बुधवार को एसोसिएशन की हुई 93वीं वार्षिक आम सभा में फिर से सिंह को साल 2026-2027 और 2027-2028 के लिए अध्यक्ष चुना गया। वर्ष 2028 तक अध्यक्ष बने रहेंगे। बैठक में नई कमेटी का गठन भी किया गया। कमेटी में बीएन सिंह अध्यक्ष, एसके सिन्हा वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं सुनील कुमार अग्रवाल कनिष्ठ उपाध्यक्ष बनाए गए। सुनील कुमार अग्रवाल, सज्जन कुमार खरिकया, वैद्यनाथ सिंह, योगेंद्रनाथ नरूला, रामेश्वर दयाल अग्रवाल, इंदर मोहन मेनन, शंभुनाथ अग्रवाल, राकेश कुमार गुटगुटिया, कैलाश प्रसाद अग्रवाल, अमितेश कुमार सहाय, सुनील कुमार गोयल, केएन मित्तल, सुरेंद्र कुमार सिन्हा, नवीन कुमार सिन्हा एवं वेदनिधि शर्मा सदस्य चुने गए। बैठक में निर्णय लिया गया कि एसोसिएशन की अगली बैठक में समिति 2026-2027 और 2027-2028 के वर्षों के लिए चार सदस्यों को सह-चयनित सदस्य के रूप में शामिल करेगी।



Post a Comment

0 Comments