Hot Posts

6/recent/ticker-posts

शिक्षक दिवस पर शिक्षकों को किया सम्मानित, बाल विवाह मुक्त धनबाद का लिया संकल्प



तोपचांची। शिक्षक दिवस के अवसर पर झारखण्ड ग्रामीण विकास ट्रस्ट एवं Just Rights For Children के संयुक्त तत्वावधान में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय एवं उच्च विद्यालय, तोपचांची में शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं के साथ शिक्षक दिवस मनाया गया। इस अवसर पर शिक्षकों को सम्मानित कर उनके योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम के दौरान बाल विवाह मुक्त भारत के निर्माण को मिली वैश्विक मान्यता तथा 27 नवंबर को बाल विवाह निषेध दिवस घोषित किए जाने को लेकर शिक्षकों, छात्र-छात्राओं एवं उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को बधाई दी। साथ ही धनबाद जिले को बाल विवाह मुक्त बनाने का सामूहिक संकल्प लेते हुए बाल विवाह के खिलाफ जनजागरूकता अभियान को और मजबूत करने की शपथ ली गई। इस अवसर पर झारखण्ड ग्रामीण विकास ट्रस्ट की ओर से विद्यालय के सभी शिक्षकों को सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि शिक्षक समाज में सकारात्मक बदलाव के वाहक होते हैं और बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ उनके अधिकारों एवं सुरक्षा के प्रति जागरूक करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है।

झारखण्ड ग्रामीण विकास ट्रस्ट के निदेशक शंकर रवानी ने कहा कि बाल विवाह बच्चों के अधिकार, शिक्षा और भविष्य पर गंभीर प्रभाव डालने वाली सामाजिक कुरीति है। इसे समाप्त करने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग, विशेषकर शिक्षकों और युवाओं की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। उन्होंने कहा कि शिक्षक दिवस के अवसर पर बाल विवाह मुक्त धनबाद बनाने का संकल्प लेना इस अभियान को नई दिशा देने वाला कदम है। उन्होंने शिक्षकों से आह्वान किया कि वे बाल विवाह के खिलाफ बच्चों और अभिभावकों को जागरूक करने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।मौके पर झारखण्ड ग्रामीण विकास ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष विनोद महतो, फील्ड कोऑर्डिनेटर दीपा रवानी एवं गुलनाज बानो ने भी संबोधित किया। उन्होंने बाल विवाह के दुष्परिणामों, बाल अधिकारों और बच्चों की शिक्षा को जारी रखने की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं, छात्र-छात्राओं एवं ट्रस्ट के कार्यकर्ताओं की सक्रिय सहभागिता रही।

Post a Comment

0 Comments