Dhanbad। धनबाद क्रिकेट संघ और पूर्व मध्य रेलवे, धनबाद मंडल के बीच गुरुवार को क्रिकेट के विकास और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर समन्वय बैठक हुई। बैठक में दोनों संस्थानों के अधिकारियों ने जिले में क्रिकेट गतिविधियों को बढ़ावा देने, प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने तथा भविष्य में आपसी सहयोग को और मजबूत बनाने पर विस्तार से चर्चा की। साथ ही विभिन्न क्रिकेट आयोजनों में रेलवे और क्रिकेट संघ की साझा भागीदारी बढ़ाने तथा खिलाड़ियों को बेहतर संसाधन उपलब्ध कराने पर भी सहमति बनी।
बैठक में पूर्व मध्य रेलवे, धनबाद मंडल के सीनियर डिविजनल पर्सनल ऑफिसर अशोक कुमार, धनबाद क्रिकेट संघ के महासचिव विनय कुमार सिंह, सीनियर वाइस प्रेसिडेंट जावेद खान, झारखंड राज्य क्रिकेट संघ के एग्जीक्यूटिव सदस्य उत्तम विश्वास, धनबाद क्रिकेट संघ के सहायक कोषाध्यक्ष सुनील सिंह तथा झारखंड सीनियर चयन समिति के सदस्य आमिर हाशमी मौजूद रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए सीनियर डिविजनल पर्सनल ऑफिसर अशोक कुमार ने कहा कि धनबाद रेलवे हमेशा धनबाद क्रिकेट संघ और जिले के खिलाड़ियों के साथ मजबूती से खड़ा रहेगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि क्रिकेट संघ को जब भी रेलवे के सहयोग की आवश्यकता होगी, धनबाद रेलवे हरसंभव सहायता उपलब्ध कराएगा। उन्होंने कहा कि खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए सभी संस्थाओं को मिलकर कार्य करना होगा, ताकि जिले के खिलाड़ी राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर सकें।
बैठक में क्रिकेट गतिविधियों के विस्तार, खिलाड़ियों के लिए बेहतर प्रशिक्षण, अभ्यास सुविधाओं के विकास, प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन तथा रेलवे और क्रिकेट संघ के बीच समन्वय को और प्रभावी बनाने पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। दोनों पक्षों ने भविष्य में नियमित संवाद और संयुक्त प्रयासों के माध्यम से धनबाद में क्रिकेट के विकास को नई गति देने का संकल्प लिया।



.jpeg)
.jpeg)
0 Comments