Hot Posts

6/recent/ticker-posts

धनबाद में वन्यजीवों के अंगों की तस्करी का मामले में वन विभाग ने तीन तस्करों को गिरफ्तार किया

 


धनबाद। धनबाद में वन्यजीवों के अंगों की तस्करी का मामला सामने आया है। वन विभाग ने इस मामले में तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से संरक्षित वन्यजीव पैंगोलिन की 17 हड्डियां, कैट फैमिली के एक वन्यजीव के रोएं, विभिन्न वन्यजीवों के नाखून, चमड़े और अन्य अवशेष बरामद किए गए हैं। वन विभाग के अनुसार, बरामद वन्यजीवों के अंगों की अनुमानित बाजार कीमत 40 लाख रुपए है। वन प्रमंडल पदाधिकारी विकास पालीवाल ने बताया कि वन्यजीवों से संबंधित वस्तुओं की खरीद-बिक्री के आरोप में झरिया के शहबाज खान, बरवाअड्डा के वसीम असगर खान और भूली न्यू आजाद नगर के सहजाद खुर्रम को गिरफ्तार किया गया है। वन विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ तस्कर धनबाद के मेमको मोड़ स्थित एक होटल में ठहरे हुए हैं। उनके पास मृत वन्यजीवों के अवशेष हैं। सूचना के आधार पर वन विभाग के एक कर्मचारी को सादे लिबास में खरीदार बनाकर भेजा गया। उसने तस्करों से बातचीत कर अपराधियों व तस्करी की जानकारी जुटाई। इसके बाद वन विभाग की टीम ने होटल में छापेमारी कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया। वन विभाग की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। विभाग बरामद वस्तुओं की प्रकृति और उनसे जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रहा है। जांच के लिए बरामद सामग्री देहरादून भेजी जाएगी।


Post a Comment

0 Comments