Hot Posts

6/recent/ticker-posts

रोटरी क्लब द्वारा संचालित जीवन ज्योति में इनकमटैक्स डे मनाया गया,विशेष बच्चों ने गुरुवंदना एवं सांकेतिक भाषा में राष्ट्रगान प्रस्तुत कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया



Dhanbad। रोटरी क्लब ऑफ धनबाद द्वारा संचालित दिव्यांग बच्चों के विशेष विद्यालय जीवन ज्योति में इनकमटैक्स डे के अवसर पर आयकर कार्यालय के द्वारा एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। आज के कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अजीत कुमार श्रीवास्तव (प्रिंसिपल कमिश्नर, आयकर विभाग, धनबाद) उपस्थित हुए। कार्यक्रम की शुरुआत आयकर विभाग के सभी पदाधिकारियों एवं रोटरी क्लब ऑफ धनबाद के सदस्यों ने दीपप्रज्वलन कर किया। इसके उपरांत मुख्य अतिथि को शॉल एवं जीवन ज्योति के बच्चो के द्वारा निर्मित गिफ्ट हैम्पर एवं पुष्पगुच्छ प्रदान कर उनको सम्मानित किया गया। तदुपरांत विद्यालय के विशेष बच्चों ने गुरुवंदना एवं सांकेतिक भाषा में राष्ट्रगान प्रस्तुत कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया । संजीव बेओ त्रा ने सभी पदाधिकारियों का विधिवत स्वागत किया। जीवन ज्योति संस्थान के सचिव  राजेश परकेरिया  ने सभी को जीवन ज्योति विद्यालय के क्रियाकलापों की जानकारी देते हुए बताया कि विगत 32 वर्षों से विद्यालय धनबाद में दिव्यांग बच्चों को शिक्षण प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य करता आ रहा है। वर्तमान में यहां 100 बच्चों को कुशल प्रशिक्षकों के द्वारा प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। वही रोटरी क्लब ऑफ धनबाद के अध्यक्ष नन्दलाल अग्रवाल  ने सभी को रोटरी क्लब ऑफ धनबाद के द्वारा किए जा रहे विभिन्न सामाजिक कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि रोटरी क्लब के द्वारा जीवन ज्योति विद्यालय, रोटरी जेरी पॉवेल लिम्ब सेंटर, वर्चुअल ब्लड बैंक, महिलाओं के सशक्तिकरण हेतु उपासना व्यवसायिक प्रशिक्षण केंद्र चलाया जा रहा है।  

सांकेतिक भाषा में  राष्ट्रगान जीवन में कभी नहीं सुना -अजीत कुमार 

अजीत कुमार श्रीवास्तव (प्रिंसिपल कमिश्नर, आयकर विभाग, धनबाद)  ने जीवन ज्योति के कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि आपके द्वारा किया जा रहा कार्य बहुत ही अतुलनीय है। उन्होंने विशेष रूप से विद्यालय की प्राचार्या अपर्णा दास  एवं उनके टीम की प्रशंसा करते हुए कहा की आप सभी के प्रयासों को शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता है। बच्चों के द्वारा सांकेतिक भाषा में प्रस्तुत किए गए राष्ट्रगान के बारे में उन्होंने कहा की इसे अच्छा और अविस्मीरणीय राष्ट्रगान मैने अपने जीवन में कभी न सुना न देखा। उन्होंने कहा की हमारी दिली इच्छा थी कि आयकर दिवस में हम समाज के उस वर्ग के साथ जुड़े जो सबसे ज्यादा उपेक्षित और जरूरतमंद है और आज जीवन ज्योति के प्रांगण में आयकर दिवस का आयोजन कर हम जीवन ज्योति के बच्चों के कृतज्ञ हो गए की उन्होंने हमे उनके साथ समय व्यतीत करने का अवसर प्रदान किया। भविष्य में भी हमारा विभाग जीवन ज्योति विद्यालय के साथ यूं ही जुड़ा रहेगा और विद्यालय को हर संभव सहायता प्रदान करने की कोशिश अवश्य करेगा। सुरेन्द्र पसारी  ने सभी का धन्यवाद ज्ञापन करते हुए कहा कि आप सभी का मार्गदर्शन एवं आशीर्वाद हमेशा हमारे विशेष बच्चों के साथ बना रहे, यही हम सब की कामना है।आज आयकर विभाग के द्वारा बच्चो के बीच म्यूजिकल चेयर एवं क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया, जिसके विजेताओं को सम्मानित अतिथियों के द्वारा पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम के उपरांत सभी अतिथियों ने बच्चों के संग  साथ में बैठकर स्वादिष्ट व्यंजनों का लुत्फ उठाया और उनके बीच गिफ्ट हैम्पर वितरित किए।

ये रहे मौजूद

आज के कार्यक्रम में अजीत कुमार श्रीवास्तव (प्रिंसिपल कमिश्नर, आयकर विभाग),  संजय कुमार (कमिश्नर, आयकर विभाग),  एसके मित्रा,  कैलाश वी,सानिध्य सिंह,  राजेश परकेरिया, नन्दलाल अग्रवाल, सुरेन्द्र पसारी, अपर्णा दास, राजेश मटालिया,  संदीप नारंग,  संजीव बेओत्रा,  रविप्रित सिंह सलूजा,  रवि अग्रवाल,  विकास शर्मा, वीरेश दोशी एवं आयकर विभाग के अन्य पदाधिकारीगण व जीवन ज्योति विद्यालय एवं धनबाद ब्लाइंड रिलीफ सोसाइटी  परिवार के सभी सदस्य तथा बच्चे उपस्थित थे।

Post a Comment

0 Comments