धनबाद।"यही दिवस है जिसे बनाया प्रभु ने हाथों से प्रसन्न मन से खुशी मनायें नाचे गावें तन मन से" आज पूरा चर्च गानों से गूंज उठा। मौका था नए वर्ष 2024 के स्वागत का। आज संत अंथोनी चर्च धनबाद में नए वर्ष 2024 के स्वागत में प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया था।जमशेदपुर धर्म प्रांत से आए फादर बलदेव हेंब्रम ने अपने उपदेश में कहा कि यदि आज ईश्वर हमसे पूछे कि हम इस नए वर्ष में क्या-क्या अपने जीवन में चाहते हैं। तो क्या हम इसके उत्तर के लिए तैयार हैं। आज यहां एकत्रित होने से पहले हमने बहुत सी तैयारी की होगी। हमने यह सोच रखा होगा कि आज प्रार्थना में हम किन बातों को रखेंगे। हम जानते हैं कि हमारा ईश्वर हमारी प्रार्थनाओं का उत्तर देने वाला ईश्वर है इसलिए हम आज अपनी उस तैयारी के बारे में जो हम 2024 में अपने जीवन में करना चाहते हैं पिता ईश्वर से कहेंगे। ईश्वर हमसे स्वयं कहता है कि बीती हुई घटनाओं को स्मरण मत करो और ना ही प्राचीन काल की बातों पर मन लगाओ अर्थात हमने जो भी गलतियां बीते वर्ष 2023 में की उन्हें हम छोड़कर उनसे सबक लेकर आगे बढ़ने की सोचें। नई चीजों को करने के पहले हमें यह भी ध्यान रखना है कि ईश्वर ने स्वयं हमसे कहा है कि मैं तुम्हारे साथ-साथ चलूंगा अर्थात हम यदि अपने आप को सुधारने के लिए नई चीजों को करें तो परमेश्वर स्वयं हमारे साथ हो लेंगे। वे स्वयं हमारा मार्गदर्शन करेंगे। हम जो कुछ भी करें वह प्रभु यीशु के नाम से करें तथा उसके द्वारा पिता परमेश्वर को धन्यवाद दें। हमारा हर एक काम परमेश्वर की महिमा के लिए हो। हमें हमारे जीवन में काम और प्रार्थना दोनों को ही एक समान महत्व देते हुए संतुलन बनाते हुए चलने की आवश्यकता है। तभी हम ईश्वर की आशीषों को बहुतायत से पा सकते हैं और 2024 के लिए बनाई अपनी सारी योजनाओं को सफल बना सकते हैं।प्रार्थना सभा समारोह के अंत में सभी ने एक दूसरे को नए वर्ष की शुभकामनाएं दी।



.jpeg)
.jpeg)
0 Comments