दुर्गोत्सव
दुर्गापूजा का इस बार रजत जयंती वर्ष, झारखंड मैदान में पांच फीट ऊंचे पुल पर चढ़कर मां महिषासुरमर्दिनी का दर्शन कर पाएंगे श्रद्धालु
धनबाद। झारखंड मैदान की दुर्गा पूजा अपने भव्य पंडाल के लिए प्रसिद्ध है। धनबाद का सबसे भव्य पंडाल यहीं होता है। विशाल व नक्काशीदार पंडाल, मां दुर्गा की आकर्षक मूर्ति व विद्युत सज्जा श्रद्धालुओं का मन मोह लेती है। थीम आधारित पंडाल झारखंड मैदान दुर्गोत्सव की खासियत है। साल 2022 में जहां शीश महल थीम पर पंडाल था तो पिछले साल पुआल से निर्मित पंडाल। इस साल सत्यम, शिवम, सुंदरम पूजा समिति झारखंड मैदान में दुर्गोत्सव का 25वां साल मनाएगी। रजत जंयती वर्ष पर पूजा समिति इंडोनेशिया के बाली स्थित विष्णु मंदिर थीम पर पंडाल लेकर आ रही है।
झारखंड मैदान में निर्माणाधीन बाली के विष्णु मंदिर की प्रतिकृति का पंडाल
समिति के मीडिया प्रभारी विकास साव बताते हैं कि यह पूर्ण रूप से ईको फ्रेंडली पंडाल होगा। पंडाल की ऊंचाई 65 फीट और चौड़ाई 70 फीट होगी। प्लाई पर बांस की नक्काशी होगी। बांस के छोटे छोटे टुकड़ों से सजावट की जाएगी। विभिन्न देवी-देवताओं समेत हाथी की आकृतियां बनाई जाएगी। प्रवेश द्वार पर दो विशाल गेट होंगे। प्रवेश द्वार से मुख्य पंडाल तक 5 फीट ऊंचा लकड़ी का पुल रहेगा। पुल से चढ़कर श्रद्धालु मां दुर्गा का दर्शन करने जाएंगे। दामोदपुर के मूर्तिकार तन्मय पाल मां दुर्गा की मूर्ति बना रहे हैं। मां की मूर्ति अजंता शैली में होगी। प्रसिद्ध चंदन लाइट की विद्युत सज्जा देखने को मिलेगी। मेला भी लगेंगे जिसमें आकर्षक झूले और स्टॉल होंगे।
30 लाख का बजट, 20 लाख पंडाल पर होंगे खर्च
झारखंड मैदान दुर्गोत्सव का बजट इस बार 30 लाख रुपए है। यह पिछले साल से 10 लाख अधिक है। इस बार पंडाल पर ही 20 लाख रुपए खर्च होगा। पंडाल निर्माण का कार्य 16 अगस्त से ही चल रहा है। इसे बनाने के लिए पश्चिम बंगाल स्थित पूर्वी मिदनापुर के कांती से 40 कारीगर आए हुए है।
24 घंटे मेडिकल व एंबुलेंस की व्यवस्था रहेगी
दुर्गा पूजा के दौरान झारखंड मैदान में 24 घंटे मेडिकल व एंबुलेंस की व्यवस्था रहेगी। डॉक्टर व नर्स चिकित्सा सुविधा के लिए रहेंगे। इसके अलावा महिला श्रद्धालुओं के लिए प्रियांशी होटल व गोकुल होटल में शौचालय की व्यवस्था रहेगी।
पूजा कमेटी के पदाधिकारी व सदस्य
अध्यक्ष मनोज मालाकार व श्याम मनोहर सिन्हा, कार्यकारी अध्यक्ष राजेश गुप्ता, सचिव उमेश यादव व अशोक सिंह, कोषाध्यक्ष राजेश मालाकार, दिलीप कुमार, नागेश्वर साव, बबलू ठाकुर व दीनानाथ कुमार, मीडिया प्रभारी विकास साव के अलावा सुबोध सिंह, रतन सरकार, राजेश गुप्ता, दिलीप कुमार, नागेश्वर साहू, राजा बाबू, लालटू सिंह, कुणाल सिंह, मुकेश लाल, सुदेश ओझा, नीतीश सिंह, विमलेश सिंह आदि।




.jpeg)
.jpeg)
0 Comments