माननीय विधायक टुंडी, माननीय विधायक सिंदरी एवं उपायुक्त महोदय ने किया उद्घाटन
कम वजन एवं समय से पूर्व जन्मे नवजात शिशुओं को मिलेगी बेहतर देखभाल, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं होंगी और सुदृढ़
Dhanbad। नवजात शिशुओं—विशेषकर कम जन्म वजन (Low Birth Weight - LBW) तथा अत्यंत कम जन्म वजन (Very Low Birth Weight - VLBW) वाले बच्चों—की समुचित देखभाल, पोषण और जीवन रक्षा को सुदृढ़ करने की दिशा में जिला प्रशासन, धनबाद द्वारा एक ऐतिहासिक पहल की गई है। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री आदित्य रंजन के कुशल मार्गदर्शन एवं निर्देशन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) गोविंदपुर में 02 बेड वाले तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) टुंडी में 04 बेड वाले कंगारू मदर केयर (KMC) कॉर्नर तैयार कर लिया गया। जिसका विधिवत उद्घाटन आज माननीय विधायक टुंडी, श्री मथुरा प्रसाद महतो, माननीय विधायक सिंदरी श्री चन्द्रदेव महतो तथा उपायुक्त श्री आदित्य रंजन द्वारा किया गया।कंगारू मदर केयर एक वैज्ञानिक एवं प्रभावी देखभाल पद्धति है, जिसमें माता अपने नवजात शिशु को निरंतर त्वचा से त्वचा (Skin-to-Skin Contact) के माध्यम से अपने सीने से लगाकर रखती है। इससे शिशु को प्राकृतिक ऊष्मा (Warmth) प्राप्त होती है, शरीर का तापमान संतुलित रहता है तथा शिशु को आवश्यक सुरक्षा एवं स्नेह मिलता है। चिकित्सकीय सलाह के अनुसार शिशु जितनी अवधि तक सहज रूप से रह सके, उतनी अवधि तक उसे KMC प्रदान किया जाता है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य कम वजन एवं अत्यंत कम वजन वाले नवजात शिशुओं की मृत्यु दर एवं जटिलताओं में कमी लाना, उनके वजन एवं शारीरिक विकास में तेजी लाना, स्तनपान को बढ़ावा देना तथा माता एवं शिशु के बीच भावनात्मक लगाव (Mother-Infant Bonding) को सुदृढ़ करना है। इसके साथ ही KMC के माध्यम से बीमार नवजात शिशुओं की बेहतर देखभाल एवं उपचार प्रबंधन को भी सशक्त बनाया जाएगा।
इसके अलावा गोविंदपुर सीएचसी तथा टुंडी सीएचसी में टीबी मरीजों के बीच बैंक ऑफ इंडिया के सीएसआर फंड के मदद से 172 पोषण किट का भी वितरण किया गया। वहीं टुंडी सीएचसी में 3 बेड का ऑपरेशन थिएटर का भी उद्घाटन किया गया। उपायुक्त ने संबंधित एमओआईसी को अपने अपने सीएचसी को सुचारू रूप से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लोगो को बेहतर इलाज देना ही हमारी प्राथमिकता है।
उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री आदित्य रंजन का संदेश
जिला प्रशासन, धनबाद का यह प्रयास मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में KMC कॉर्नर की स्थापना से नवजात शिशुओं को गुणवत्तापूर्ण एवं मानक आधारित देखभाल उपलब्ध होगी तथा सुरक्षित मातृत्व एवं स्वस्थ नवजात के लक्ष्य को प्राप्त करने में महत्वपूर्ण सहयोग मिलेगा।मौके पर उप विकास आयुक्त श्री सन्नी राज, सिविल सर्जन डॉ आलोक विश्वकर्मा, बीडीओ टुंडी श्री विशाल पांडेय, बीडीओ गोविंदपुर श्री जाहिर आलम, एलडीएम श्री अमित कुमार,बैंक ऑफ इंडिया के उप आँचलिक प्रबंधक श्री अभ्रातनु चंद, प्रबंधक श्री शशिशेखर कुमार, श्री प्रशांत कुमार, श्री राहुल कुमार, संबंधित सीएचसी के एमओआईसी, समेत स्वास्थ्य विभाग की टीम मौजूद रहे।
*Team PRD Dhanbad*




.jpeg)
.jpeg)
0 Comments