धनबाद। समाज की सच्चाई को जन-जन तक पहुँचाने वाले, जनता की आवाज़ को बुलंद करने वाले तथा लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले पत्रकारों के सम्मान में आयुष फाउंडेशन धनबाद (AFD) द्वारा लिटिल बटरफ्लाई प्री स्कूल के सभागार में भव्य पत्रकार सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में धनबाद के प्रिंट मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, सोशल मीडिया तथा विभिन्न समाचार चैनलों से जुड़े अनेक सम्मानित पत्रकार भाई एवं बहनों की गरिमामयी उपस्थिति रही। आयुष फाउंडेशन धनबाद वर्ष 2019 से शिक्षा, स्वास्थ्य, रक्तदान, महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण, कौशल विकास, निःशुल्क प्रशिक्षण तथा विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यों के माध्यम से समाज सेवा में निरंतर कार्यरत है। संस्था द्वारा किए जा रहे इन सामाजिक कार्यों को आम जनता तक पहुँचाने में पत्रकारों की भूमिका सदैव महत्वपूर्ण रही है।
AFD द्वारा विशेष रूप से उन पत्रकार साथियों को सम्मानित किया गया जिन्होंने वर्षों से संस्था के सामाजिक, शैक्षणिक, स्वास्थ्य एवं मानव सेवा से जुड़े कार्यों को अपने समाचार माध्यमों में प्रमुखता से स्थान देकर समाज तक पहुँचाने का कार्य किया है। संस्था का मानना है कि किसी भी सामाजिक कार्य की वास्तविक सफलता तब होती है जब उसकी जानकारी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे, और इस कार्य में पत्रकारों का योगदान अमूल्य है। इसी योगदान के प्रति सम्मान एवं आभार व्यक्त करने के उद्देश्य से इस विशेष पत्रकार सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सभी पत्रकार साथियों के आत्मीय स्वागत के साथ किया गया। आयुष फाउंडेशन धनबाद के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने उपस्थित पत्रकारों का नतमस्तक होकर अभिनंदन किया तथा समाज और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। इसके पश्चात सभी पत्रकारों को सम्मान स्वरूप अंगवस्त्र, स्मृति-चिन्ह (मोमेंटो) एवं विशेष उपहार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि पत्रकार केवल समाचार नहीं लिखते, बल्कि समाज में हो रही अच्छाइयों, चुनौतियों एवं वास्तविकताओं को सामने लाकर जागरूकता फैलाने का कार्य करते हैं। पत्रकारिता लोकतंत्र की आत्मा है और पत्रकार समाज तथा प्रशासन के बीच एक मजबूत सेतु का कार्य करते हैं। निष्पक्ष एवं निर्भीक पत्रकारिता ही समाज को सही दिशा देने का कार्य करती है। कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि यह केवल सम्मान तक सीमित नहीं रहा, बल्कि पत्रकारों और संस्था के सदस्यों के बीच आत्मीय संवाद का भी अवसर बना। सभी पत्रकारों के साथ परिचर्चा, विचार-विमर्श एवं वीडियो इंटरैक्शन किया गया, जिसमें पत्रकारों ने अपने अनुभव साझा किए तथा समाज सेवा से जुड़े विषयों पर अपने विचार रखे। समारोह में मनोरंजन और सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाने के लिए विभिन्न गेम्स और सहभागिता आधारित गतिविधियों का भी आयोजन किया गया। पत्रकार साथियों ने पूरे उत्साह के साथ इन गतिविधियों में भाग लिया और भरपूर आनंद उठाया। कई वरिष्ठ पत्रकारों ने कहा कि धनबाद में संभवतः पहली बार किसी पत्रकार सम्मान समारोह में पत्रकारों को केवल सम्मानित ही नहीं किया गया, बल्कि उन्हें एक परिवार की तरह जोड़ने का प्रयास भी किया गया है। इस अनूठी पहल की सभी ने मुक्त कंठ से सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों एवं संस्था के सदस्यों ने एक साथ बैठकर भोजन भी किया। इस आत्मीय वातावरण ने समारोह को और अधिक यादगार बना दिया। उपस्थित पत्रकारों ने आयुष फाउंडेशन धनबाद द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की प्रशंसा करते हुए संस्था के उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा आगे भी जनहित के कार्यों में अपना सहयोग बनाए रखने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम को सफल बनाने में आयुष फाउंडेशन धनबाद के सभी सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। समारोह के दौरान AFD के अध्यक्ष गणेश शर्मा ने उपस्थित पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि पत्रकार समाज की आंख और कान होते हैं। उनके द्वारा निष्पक्ष रूप से प्रस्तुत की गई खबरें समाज को जागरूक, जिम्मेदार और मजबूत बनाती हैं। उन्होंने सभी पत्रकार साथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि AFD द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों को जन-जन तक पहुँचाने में पत्रकारों का योगदान सदैव अविस्मरणीय रहेगा।
AFD की उपाध्यक्ष एवं वरिष्ठ शिक्षिका सुजाता रंजन ने अनेक पत्रकार साथियों को स्मृति-चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया। वहीं संस्था के कोषाध्यक्ष धीरज गुप्ता, सचिव अर्पिता अग्रवाल तथा ममता सिंह* ने भी पत्रकार भाई-बहनों को अंगवस्त्र एवं सम्मान-उपहार देकर उनका अभिनंदन किया।कार्यक्रम में सचिव अर्पिता अग्रवाल सह अध्यक्ष गणेश शर्मा, उपाध्यक्ष सुजाता रंजन,प्रियंका जी, निरुपमा नायक, प्रीतम साव, शुभम राज, सिमरन, अनुष्का सहित आयुष फाउंडेशन धनबाद के सभी सदस्यों की सक्रिय सहभागिता रही। सभी सदस्यों के सामूहिक प्रयास, समर्पण एवं सेवा भावना के कारण यह पत्रकार सम्मान समारोह अत्यंत गरिमामय, सफल एवं यादगार बन सका। उपस्थित पत्रकारों ने AFD परिवार के आत्मीय सम्मान, स्नेह एवं आतिथ्य की भूरि-भूरि प्रशंसा की। वरिष्ठ एवं युवा पत्रकारों ने एक स्वर में कहा कि समाज सेवा के क्षेत्र में आयुष फाउंडेशन धनबाद द्वारा किए जा रहे कार्य प्रेरणादायक हैं तथा संस्था जिस निस्वार्थ भाव से वर्षों से समाज के बीच कार्य कर रही है, वह अनुकरणीय है। पत्रकारों ने संस्था को अपना आशीर्वाद, शुभकामनाएँ एवं निरंतर प्रगति की मंगलकामनाएँ भी प्रदान कीं।
कार्यक्रम के अंत में आयुष फाउंडेशन धनबाद ने सभी पत्रकार साथियों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पत्रकारों का सम्मान वास्तव में सत्य, निष्पक्षता, जनहित और लोकतांत्रिक मूल्यों का सम्मान है। संस्था भविष्य में भी पत्रकारों एवं समाज के बीच सकारात्मक सहयोग, संवाद और जनसेवा की भावना को और अधिक मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी।
*आयुष फाउंडेशन धनबाद (AFD)*
"सेवा ही हमारा धर्म है"



.jpeg)
.jpeg)
0 Comments