धनबाद:झारखंड ग्रामीण विकास ट्रस्ट (JGVT), धनबाद एवं Just Rights for Children (JRC) के संयुक्त प्रयास से धनबाद जिला को बाल विवाह मुक्त धनबाद बनाने की दिशा में गांधी जयंती के अवसर पर विशेष अभियान चलाया गया। भारत सरकार एवं झारखंड सरकार एवं जिला प्रशासन के दिशा-निर्देशों के तहत धनबाद जिले की विभिन्न पंचायतों में ग्राम सभाओं का आयोजन कर गांवों को बाल सुरक्षित ग्राम एवं बाल विवाह मुक्त ग्राम बनाने के लिए योजनाओं एवं प्रस्तावों को पारित किया गया। इस अवसर पर झारखंड ग्रामीण विकास ट्रस्ट के संस्थापक शंकर रावानी ने कहा कि धनबाद जिले में पिछले चार वर्षों से बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत लगातार कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह खुशी की बात है कि अब पंचायत एवं ग्राम स्तर पर भी बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के खिलाफ सामुदायिक स्तर पर पहल मजबूत हो रही है तथा ग्राम सभाओं में गांवों को बाल विवाह मुक्त एवं बाल सुरक्षित ग्राम बनाने के लिए प्रस्ताव पारित किए जा रहे हैं।उन्होंने इस अभियान में सहयोग के लिए धनबाद जिले के सभी जनप्रतिनिधियों, पंचायत के मुखियाओं, बाल विवाह निषेध पदाधिकारियों एवं ग्रामीण समुदाय के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बाल विवाह की रोकथाम के लिए प्रशासन, पंचायत प्रतिनिधियों, समुदाय, महिला समूहों, किशोर-किशोरियों एवं सामाजिक संगठनों की सामूहिक भागीदारी आवश्यक है। गांधी जयंती के अवसर पर झारखंड ग्रामीण विकास ट्रस्ट की टीम द्वारा धनबाद जिले के विभिन्न क्षेत्रों एवं पंचायतों का भ्रमण कर ग्राम सभाओं की गतिविधियों का जायजा लिया गया तथा बाल विवाह मुक्त एवं बाल सुरक्षित ग्राम निर्माण के संकल्प को मजबूत करने के लिए समुदाय के साथ संवाद किया गया। अभियान में ट्रस्टी बिनोद महतो,जिला कोऑर्डिनेटर सीता कुमारी, दीपा रवानी,पूजा कुमारी, लक्ष्मी कुमारी, आशा महतो, बेबी प्रियंका,गुलनाज बानो सहित झारखंड ग्रामीण विकास ट्रस्ट के दर्जनों कार्यकर्ताओं ने सक्रिय रूप से भाग लिया।
JGVT एवं JRC ने ग्राम सभाओं में पारित प्रस्तावों को बाल विवाह की रोकथाम, बाल संरक्षण तथा बच्चों के सुरक्षित एवं बेहतर भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण सामुदायिक पहल बताया।



.jpeg)
.jpeg)
0 Comments