धनबाद। महाअष्टमी पर कोयलांचल के देवी मंदिरों व पंडालों में दर्शन व पुष्पांजलि के लिए भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। माता के जयकारे से पूरा कोयलांचल गूंज उठा। जोड़ा फाटक रोड स्थित शक्ति मंदिर में भी भगवती जागरण कमेटी की ओर से कन्या पूजन किया गया। इसमें यजमान अशोक अरोड़ा, पूजा अरोड़ा, कमेटी के अध्यक्ष एसपी सोंधी, सचिव अरुण कुमार भंडारी, संयुक्त सचिव सुरेंद्र अरोड़ा शरीक हुए।अध्यक्ष एसपी सोंधी और सचिव अरुण कुमार भंडारी ने बताया कि मंदिर की स्थापना के समय से ही हर साल महाअष्टमी के दिन कन्या पूजन किया जा रहा है। नवरात्र में कन्या पूजन का विशेष महत्व है। नौ कन्याओं की नौ देवियों के रूप में और एक बालक की भैरव के रूप में पूजा की जाती है। कन्या पूजान से माता रानी प्रसन्न होती हैं. जिस प्रकार मां की पूजा भैरव के बिना पूर्ण नहीं होती, उसी तरह कन्या पूजन के समय भी भैरव के रूप में एक बालक को भोजन कराया जाता है। ईश्वर पर कमेटी के सोमनाथ पुर्थी, पंडित ब्रजेश मिश्रा एवं अन्य मौजूद थे।
0 Comments