धनबाद। इस्कॉन वृंदावन विहार में आज भगवान श्री जगन्नाथ जी का पावन नेत्र उत्सव अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर भगवान श्री जगन्नाथ, बलभद्र एवं सुभद्रा महारानी के भव्य श्रृंगार दर्शन कराए गए, जिनके दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे।शास्त्रों के अनुसार, स्नान पूर्णिमा के पश्चात भगवान कुछ दिनों तक अनासार (विश्राम काल) में रहते हैं और नेत्र उत्सव के दिन पुनः अपने भक्तों को दिव्य दर्शन प्रदान करते हैं। इसी शुभ अवसर पर भगवान श्री जगन्नाथ जी को छप्पन भोग (56 भोग) अर्पित किया गया। तत्पश्चात भव्य महाआरती एवं संकीर्तन का आयोजन हुआ, जिसमें उपस्थित भक्तों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में सभी श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया। इस्कॉन वृंदावन विहार द्वारा बताया गया कि 16 जुलाई को श्री जगन्नाथ रथ यात्रा महा महोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा।प्रातःकाल भूइफोड़ मंदिर में भगवान शिव का अभिषेक एवं विशेष श्रृंगार किया जाएगा। इसके उपरांत सायं 4:00 बजे से श्री जगन्नाथ भगवान की भव्य रथ यात्रा प्रारंभ होगी, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।रथ यात्रा में आने वाले सभी भक्तों के लिए महाप्रसाद की विशेष व्यवस्था की गई है। साथ ही यात्रा मार्ग में विभिन्न स्थानों पर शरबत एवं शीतल पेयजल की भी व्यवस्था रहेगी, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इस्कॉन वृंदावन विहार ने सभी श्रद्धालुओं से सपरिवार रथ यात्रा महोत्सव में सम्मिलित होकर भगवान श्री जगन्नाथ जी की कृपा एवं आशीर्वाद प्राप्त करने का आग्रह किया है।



.jpeg)
.jpeg)
0 Comments