धनबाद। कोनैन कुरैशी पुरुषों के सीनियर वर्ग में प्लेयर आफ द ईयर चुने गए हैं। वहीं जूनियर वर्ग में सिद्धार्थ सिन्हा को यह सम्मान देने की घोषणा धनबाद क्रिकेट संघ (डीसीए) ने रविवार को की। धनबाद क्लब में आयोजित प्रबंध समिति की बैठक में इन नामों पर मुहर लगी। वहीं महिलाओं के सीनियर वर्ग में अनंदिता किशोर व जूनियर में वृष्टि कुमारी प्लेयर आफ द ईयर चुनी गईं। इन्हें 27 सितंबर को आयोजित डीसीए के वार्षिक समारोह में सम्मानित किया जाएगा।
डीसीए के अध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि बैठक में पिछले क्रिकेट सत्र की समीक्षा की गई। सभी टूर्नामेंटों के विजेता व उपविजेता टीमों को वार्षिक समारोह में पुरस्कार दिए जाएंगे। अम्मा की रसोई के संचालक राजन सिन्हा को सामाजिक कार्यों में महत्वपूर्ण निभाने को लेकर इस कार्यक्रम में सम्मानित कर दिया जाएगा। इसके अलावा नए सत्र के लिए अंतर स्कूल क्रिकेट में टीमों की भागीदारी बढ़ाने के लिए प्रयास करने की जरूरत पर जोर दिया। प्लेइंग कंडीशन के कुछ प्रावधानों पर विचार करने का निर्णय लिया गया। कांको स्थित जेएससीए के मैदान निर्माण की प्रगति पर चर्चा हुई। कहा गया कि इस सत्र में डीसीए के मैच यहां आयोजित किए जा सकेंगे। वहीं जेएससीए के मैचों का भी यहां आयोजित करने का प्रयास किया जाएगा।
इसके अलावा सत्र 2026-27 के लिए पुरुष वर्ग के लिए चयन समिति की घोषणा कर दी है। चेयरमैन मनीष वर्धन के नेतृत्व में बनी इस समिति के अन्य सदस्य आमिर हाशमी, पप्पू सिंह, इब्ने हसन खान और अभिषेक मोइत्रा होंगे। डीसीए के महासचिव विनय कुमार सिंह समिति के संयोजक होंगे। धनबाद क्लब में रविवार को आयोजित डीसीए की प्रबंध समिति की बैठक में समिति की घोषणा की गई। बैठक में 27 सितंबर को वार्षिक समारोह के आयोजन करने का निर्णय लिया गया। अभी आयोजनस्थल तय नहीं किया गया है। बैठक में महासचिव विनय कुमार सिंह, वरीय उपाध्यक्ष साधवेंद्र सिंह, उपाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह, जावेद खान, उपाध्यक्ष मनोज सिंह, कोषाध्यक्ष ललित जगनानी, सहायक कोषाध्यक्ष सुनील कुमार, संयुक्त सचिव बीएच खान, विशेष आमंत्रित में जेएससीए के कार्यकारिणी सदस्य उत्तम विश्वास के अलावा अभिषेक सिंह, डा. राजशेखर सिंह, द्वारिका तिवारी, संजीव राणा, सुधीर पांडेय,सुनील कुमार ,राजन सिन्हा,जितेंद्र कुमार सिंह,अशोक सराफ, अभिजीत घोष, रत्नेश सिंह व अन्य उपस्थित थे।



.jpeg)
.jpeg)
0 Comments