Hot Posts

6/recent/ticker-posts

सीएसआईआर-सीआईएमएफआर में 85वाँ सीएसआईआर स्थापना दिवस समारोह आयोजित; स्मार्ट माइनिंग, एआई एवं वैज्ञानिक सहयोग पर जोर

 




धनबाद, 29 सितंबर 2026: सीएसआईआर–केंद्रीय खनन एवं ईंधन अनुसंधान संस्थान (CSIR-CIMFR), धनबाद में 85वाँ सीएसआईआर स्थापना दिवस समारोह 29 सितंबर 2026 को हर्ष एवं उल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रीय गीत एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।

इस अवसर पर सीएसआईआर-सिम्फर के निदेशक प्रो. ए. के. मिश्रा ने स्वागत संबोधन दिया तथा भारत में वैज्ञानिक अनुसंधान, तकनीकी विकास एवं औद्योगिक नवाचार के क्षेत्र में वैज्ञानिक तथा औद्योगिक अनुसंधान परिषद (CSIR) के महत्वपूर्ण योगदान को रेखांकित किया। उन्होंने वर्ष 1942 में सीएसआईआर की स्थापना का उल्लेख करते हुए बुनियादी एवं अनुप्रयुक्त अनुसंधान, प्रौद्योगिकी विकास तथा नीति-निर्माण में वैज्ञानिक एवं तकनीकी सहयोग प्रदान करने में इसकी भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने सीएसआईआर के प्रयोगशालाओं द्वारा विकसित विभिन्न महत्वपूर्ण तकनीकों एवं उत्पादों तथा सीएसआईआर-सिम्फर के कोयला एवं खनन अनुसंधान, खान सुरक्षा, कोयला बेनिफिकेशन, इंट्रिंसिक सेफ्टी, फ्लेमप्रूफ तकनीक, इलेक्ट्रॉनिक डेटोनेटर, स्वदेशी उत्प्रेरक एवं हॉट-स्टैम्प चार्जिंग तकनीक सहित विभिन्न क्षेत्रों में योगदान को रेखांकित किया।

कार्यक्रम के दौरान सीएसआईआर तथा सीएसआईआर-सिम्फर की उपलब्धियों, तकनीकों एवं उत्पादों पर आधारित वीडियो भी प्रदर्शित किए गए।

श्री चौधरी शिव राज सिंह, सीएमडी, सीएमपीडीआई, समारोह के विशिष्ट अतिथि थे। उन्होंने अपने संबोधन में इंटेलिजेंट एवं स्मार्ट माइनिंग, खनन संबंधी आंकड़ों के व्यवस्थित संग्रह तथा स्मार्ट माइनिंग के लिए व्यापक डेटा बैंक विकसित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने खनन क्षेत्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के उपयोग तथा खान सुरक्षा एवं दक्षता बढ़ाने के लिए AI आधारित मॉडल विकसित करने की संभावनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने इस दिशा में अकादमिक संस्थानों, अनुसंधान संस्थानों एवं उद्योगों के बीच मजबूत सहयोग की आवश्यकता बताई। उन्होंने सीएमपीडीआई (CMPDI) में उपलब्ध विशाल खनन संबंधी डेटा का उपयोग आर्टिफीसियल इंटेलिजेंस (AI) मॉडल के विकास एवं प्रशिक्षण के लिए किए जाने की संभावनाओं पर भी जोर दिया तथा सीएमपीडीआई एवं सीएसआईआर-सिम्फर के बीच सहयोग को मजबूत करने की आवश्यकता बताई।

श्री रविंद्र टी. मांडेकर, महानिदेशक, डीजीएम्एस, समारोह के मुख्य अतिथि थे। उन्होंने खनन सुरक्षा एवं तकनीकी विकास में सीएसआईआर-सिम्फर की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया। उन्होंने डीजीएम्एस द्वारा सीएसआईआर-सिम्फर की परीक्षण रिपोर्टों, तकनीकी सुझावों एवं विकसित मानकों के उपयोग का उल्लेख किया तथा खनन प्रौद्योगिकी एवं इलेक्ट्रॉनिक डेटोनेटर के मानकीकरण में संस्थान के योगदान की सराहना की।

उन्होंने खनन क्षेत्र की उभरती चुनौतियों के समाधान के लिए डीजीएम्एस एवं सीएसआईआर-सिम्फर के बीच सहयोग बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने नई एवं सुरक्षित खनन विधियों के विकास, सुरक्षा प्रशिक्षण एवं कर्मचारियों के अपस्किलिंग तथा ओपनकास्ट खनन में आर्टिफीसियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित तकनीकों के माध्यम से दुर्घटनाओं को कम करने की संभावनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने वैज्ञानिक अनुसंधान एवं तकनीकी विकास के साथ सामाजिक एवं पर्यावरणीय पहलुओं को भी ध्यान में रखने पर जोर दिया।  

दो महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर

सीएसआईआर स्थापना दिवस के अवसर पर दो महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापनों (MOUs) पर हस्ताक्षर किए गए।

पहला समझौता ज्ञापन सीएसआईआर-सिम्फर एवं सीएमपीडीआई, रांची के बीच कोयला गैसीकरण के क्षेत्र में वैज्ञानिक सहयोग के लिए किया गया। इसके अंतर्गत संयुक्त अनुसंधान एवं विकास, ज्ञान के आदान-प्रदान, नवीन तकनीकी समाधानों तथा भारत में कोयला गैसीकरण एवं इसके अनुप्रयोगों से संबंधित उभरते क्षेत्रों की खोज को बढ़ावा दिया जाएगा।

दूसरा समझौता ज्ञापन सीएसआईआर-सिम्फर एवं जीएसआरसी, अहमदाबाद के बीच खनन एवं ईंधन विज्ञान के क्षेत्र में व्यापक अनुसंधान एवं विकास सहयोग के लिए किया गया। इसमें विशेष रूप से कोयला/लिग्नाइट, खदान अपशिष्ट, फ्लाई ऐश एवं अन्वेषण नमूनों में दुर्लभ मृदा तत्वों (Rare Earth Elements) एवं महत्वपूर्ण खनिजों (Critical Minerals) के मानचित्रण एवं आकलन पर जोर दिया गया है। यह सहयोग महत्वपूर्ण खनिज संसाधनों के आकलन, संभावित उपयोग एवं भविष्य के अनुसंधान तथा नवाचार को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

सेवानिवृत्त कर्मचारियों एवं प्रतिभाओं का सम्मान

समारोह के दौरान सीएसआईआर-सिम्फर के सेवानिवृत्त वैज्ञानिकों एवं अन्य कर्मचारियों को संस्थान के प्रति उनके महत्वपूर्ण योगदान एवं समर्पित सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया। इस वर्ष CSIR में 25 वर्ष की सेवा पूर्ण करने वाले वैज्ञानिकों एवं कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया।

सीएसआईआर-सिम्फर के वैज्ञानिक डॉ. सिद्धार्थ सिंह के पुत्र श्री अमोघ सिंह को IIM इंदौर में दो वर्षीय प्रबंधन पाठ्यक्रम में प्रवेश प्राप्त करने पर अगले दो वर्षों के लिए ₹5,000 प्रति माह की सीएसआईआर छात्रवृत्ति प्रदान की गई।

सीएसआईआर स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं तथा बैडमिंटन एवं टेबल टेनिस सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी पुरस्कृत किया गया।

समारोह में सीएसआईआर-सिम्फर के वैज्ञानिक, तकनीकी एवं प्रशासनिक कर्मचारी, लेखा, प्रशासन तथा स्टोर्स एवं परचेज से जुड़े अधिकारी-कर्मचारी, परियोजना कर्मी, सेवानिवृत्त कर्मचारी, विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता तथा संस्थान के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संयोजन डॉ. एम. पी. रॉय, वैज्ञानिक ‘जी’ द्वारा किया गया तथा संचालन डॉ. विवेक कुमार हिमांशु, वैज्ञानिक ‘ई’ ने किया।

85वें CSIR स्थापना दिवस समारोह ने सीएसआईआर-सिम्फर की वैज्ञानिक उत्कृष्टता, तकनीकी नवाचार, उद्योग सहयोग तथा देश के लिए सुरक्षित, स्मार्ट एवं सतत खनन तकनीकों के विकास के प्रति प्रतिबद्धता को पुनः रेखांकित किया।

कार्यक्रम के अंत में ई. अमर नाथ, वैज्ञानिक ‘जी’, सीएसआईआर-सिम्फर ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। इसके पश्चात राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

Post a Comment

0 Comments