Hot Posts

6/recent/ticker-posts

राजकमल स्कूल में दी आर्ट ऑफ लिविंग ने किया रुद्राभिषेक





धनबाद। दी आर्ट ऑफ लिविंग की धनबाद इकाई की ओर से रविवार को अशोक नगर स्थित राजकमल स्कूल परिसर में रुद्राभिषेक पूजा का आयोजन किया गया। श्रावण मास में आयोजित इस विशेष पूजा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और संकल्प लिया।रुद्राभिषेक पूजा के लिए दी आर्ट ऑफ लिविंग के बेंगलुरु आश्रम से स्वामी अरुण हड़ोल विशेष रूप से धनबाद पहुंचे। उनके साथ वेदाचार्य पंडित लिंगराज सारंगी एवं पंडित मदन मोहन भी उपस्थित रहे। वैदिक मंत्रोच्चारण, रुद्र पाठ एवं मधुर भजनों से पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा। इस अवसर पर स्वामी अरुण हड़ोल ने कहा कि गुरुदेव श्री श्री रविशंकर के निर्देशानुसार झारखंड के विभिन्न स्थानों पर रुद्राभिषेक पूजा का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि रुद्राभिषेक के दौरान वैदिक मंत्रोच्चारण की ध्वनि और उसके स्पंदन के साथ अधिक से अधिक ध्यान में जाना चाहिए। दी आर्ट ऑफ लिविंग की शिक्षाओं के अनुसार, रुद्राभिषेक के मंत्रों का उद्देश्य वातावरण में सकारात्मकता और मन को भीतर की ओर ले जाने वाला आध्यात्मिक वातावरण निर्मित करना है। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य रुद्र पूजा को जन-जन तक पहुंचाना है, ताकि अधिक से अधिक लोग इसके आध्यात्मिक महत्व का अनुभव कर सकें। उन्होंने श्रावण मास में भगवान शिव की आराधना और अभिषेक के विशेष महत्व पर भी प्रकाश डाला। दी आर्ट ऑफ लिविंग के अनुसार, श्रावण मास भगवान शिव की उपासना के लिए विशेष रूप से महत्वपूर्ण माना जाता है और यह समय भीतर की ओर जाने तथा शिव तत्व से जुड़ने का अवसर प्रदान करता है।  कार्यक्रम के दौरान संगीतकार राजेश टंडन ने मधुर भजनों की प्रस्तुति दी, जिससे पूरा वातावरण आध्यात्मिक एवं भक्तिमय हो गया।कार्यक्रम को सफल बनाने में ऋत्विक दुदानी, सोनाली सिंह, बिनोद तुलसियान, मेधा दुधानी, मयंक सिंह, अनुप्रिया गुप्ता, क्षितीज दुधानी, कुंदन कुमार, विभूति, प्रियंका रंजन, अनामिका गोयल, सुतापा मंडल, रंजीत प्रसाद एवं सोनी कुमारी सहित अन्य स्वयंसेवकों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।



Post a Comment

0 Comments