Hot Posts

6/recent/ticker-posts

भारतीय सेवा वाहिनी के प्लास्टिक मुक्त-हरियाली युक्त महाअभियान में भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री ने पर्यावरण संरक्षण एवं प्लास्टिक की जगह जूट के थैले का प्रयोग करने का संकल्प करवाया

 


धनबाद। भारतीय सेवा वाहिनी, धनबाद के तत्वावधान में वैश्विक पर्यावरण प्रदूषण के संकट के उन्मूलन हेतु धनबाद में प्लास्टिक मुक्त-हरियाली युक्त महाअभियान का शुभारंभ किया गया। इंडस्ट्रीज एंड कॉमर्स भवन, जोड़ाफाटक रोड में आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि प्रदेश महामंत्री (संगठन) भाजपा झारखंड कर्मवीर सिंह ने कहा कि आज देवशयनी  एकादशी है, कल हूल दिवस है इस महान दिवस पर हम सबको पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने बताया कि जब हम प्लास्टिक में सब्जी एवं जरूरत का सामान लेकर घर लौटते हैं तो उसी प्लास्टिक में सब्जी का छिलका एवं अन्य पदार्थ संग्रह कर फेंक दिया जाता है जिसको पशु अपना आहार बनाते हैं बाद में यही प्लास्टिक उनके पेट में जाकर उनके मृत्यु का कारण बनता है उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों से बाजार के साथ अन्य घरेलू कामों में कपड़े का थैला प्रयोग करने का करने को कहा। उन्होंने कहा कि धनबाद को प्लास्टिक मुक्त बनाने की शुरुआत खुद से करनी होगी। मौके पर उन्होंने हैदराबाद में संघ की बैठक का  संस्मरण सुनाते हुए कहा हापुर के प्रशासनिक पद पर आसीन दंपति के घर जाने पर उन्होंने जग और गलास रख दिया इस पर नाराजगी प्रकट करते हुए उन्होंने कहा कि आप में संस्कार है या नहीं। घर आये मेहमान से  कम से कम पानी तो पूछना ही चाहिए। इस पर महिला दंपति ने जो उत्तर दिया वह उनके लिए सीख बन गई।  उन्होंने कहा कि क्लास में पानी रख देने पर लोग या तो उसे पीते हैं या छोड़ देते हैं जिससे पानी की बर्बादी होती है इसलिए आपके लिए जग और ग्लास रखा गया है आपको जितनी पानी की जरूरत हो उतनी आप ले लीजिए। इस घटना के बाद से उनके जीवन में बदलाव आया। उन्होंने भी पानी की फिजूलखर्ची रोकने के लिए कभी बाथरूम में लगे झरने का प्रयोग स्नान करने के लिए नहीं किया। बाथरूम में लगे झरने से स्नान करने में 15 लीटर पानी लगते हैं इसके बजाय 3-4 लीटर पानी से ही स्नान किया। उन्होंने बताया कि आरओ का पानी इस्तेमाल करने वाले परिवार उससे छनकर निकलने वाले पानी को नाली में बहा देते हैं जबकि उसका प्रयोग बर्तन धोने, बगीचे के लिए एवं अन्य घरेलू कामों में करना चाहिए। उन्होंने वाहिनी के प्रदेश महामंत्री रुपेश सिन्हा से लोगों के घरों से आम जामुन एवं अन्य  बीजों को संग्रह करने का संकल्प करवाया। प्रत्युत्तर में रुपेश सिन्हा ने आश्वस्त किया कि भारतीय सेवा  वाहिनी इस काम को पूरा करके दिखायेगी।

धनबाद में 8 से 9 प्रतिशत  भूमि ही वन से आच्छादित- राजशेखर

मुख्य वक्ता पूर्व मुख्य वैज्ञानिक पर्यावरण, सिम्फर डॉ. राजशेखर सिंह ने कहा कि 33% भू भाग पर वन होना चाहिए धनबाद में इसकी स्थिति चिंतनीय है यहां  8 से 9 प्रतिशत  भूमि ही वन से आच्छादित है। उन्होंने प्लास्टिक के खतरे से अवगत कराते हुए कहा कि आज एग्रीकल्चर, रियल स्टेट से लेकर पैकेजिंग के काम में प्लास्टिक का प्रयोग हो रहा है सबसे ज्यादा 44% प्लास्टिक का प्रयोग पैकेजिंग के काम में होता है। प्लास्टिक ग्रीनहाउस गैस का उत्सर्जन कर रहे हैं यह हमारे सेहत के लिए भी अत्यंत हानिकारक है। केंद्र सरकार ने प्लास्टिक बैन किया था लेकिन प्लास्टिक उद्योगों से 1लाख लोगों को रोजगार मिल रहा है इसलिए केंद्र सरकार को अपने कदम पीछे खींचना पड़ा था। पर्यावरण संरक्षण और प्लास्टिक का प्रयोग बंद करने के लिए खुद से ही पहल करनी होगी।

पेड़ लगाने से ज्यादा उनके संरक्षण की आवश्यकता - सांसद

उदघाटनकर्ता सांसद पशुपतिनाथ सिंह ने कहा कि डब्ल्यूटीओ के 5 संकल्पों में पर्यावरण का संतुलन बनाए रखना भी है। कोयला क्षेत्र में होने के कारण धनबाद के लोग प्रदूषण के अत्यधिक शिकार हैं। यहां सरकारी संस्थान केवल पेड़ लगाने की बात करते हैं लेकिन सबसे ज्यादा जरूरत उनके संरक्षण की है। आदिवासी समाज प्रकृति पूजक है इनसे हमें ऑक्सीजन मिलता है पर्यावरण की सुरक्षा हमसे ही है।

भौतिकवादी सोच से पर्यावरण को नुकसान - राज सिन्हा

विशिष्ट अतिथि  विधायक राज सिन्हा ने कहा हमारे घरों की महिलाएं  पहले कपड़ों का थैला बनाया करती थी जिसका प्रयोग हम बाजार जाने के दौरान करते थे लेकिन आज लोग प्लास्टिक का प्रयोग कर रहे हैं जो हमारे लिए हानिकारक है। उन्होंने बताया कि आज लोग कच्ची सड़क पर नहीं चलना चाहते जबकि पीसीसी सड़क पर्यावरण की दृष्टि से अच्छा नहीं है। भौतिकता के इस युग में हम पर्यावरण का नुकसान कर खुद के लिए ही मुसीबत खड़ी कर रहे हैं। कार्यक्रम के अंत में पर्यावरण के क्षेत्र में काम करने वाले लोगों को सम्मानित किया गया।

ये रहे मौजूद

समारोह अध्यक्षता केशव कुमार हड़ोदिया धनबाद विभाग संघचालक,राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने किया। इस अवसर पर भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष हरि प्रकाश लाटा, विक्रांत उपाध्याय, अरुण राय, मुकेश पांडे सहित सैकड़ों की संख्या में लोग उपस्थित थे।














 






Post a Comment

0 Comments